
भोपाल। मध्य प्रदेश के जिले को आज स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धार में बनने वाले मेडिकल कॉलेज का भूमि पूजन किया। इस कार्यक्रम में जहां विकास की बात हुई, वहीं राजनीति भी पूरे शबाब पर नजर आई।
263 करोड़ का मेडिकल कॉलेज, बदल जाएगी तस्वीर
263 करोड़ रुपये की लागत से धार में मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जाएगा। यह कॉलेज पी.पी.पी. मोड पर सुविधायुक्त बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि मेडिकल कॉलेज बनने से धार और आसपास के आदिवासी अंचल के जिलों की स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा और दशा दोनों में बड़ा बदलाव आएगा।
CM मोहन यादव का कांग्रेस पर सीधा वार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा उज्जैन पहुंचे और बाबा महाकाल के दर्शन किए। दर्शन के बाद बाबा महाकाल के अन्नक्षेत्र में उन्होंने भक्तों को अपने हाथों से भोजन और नाश्ता कराया। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभु श्री राम के मंदिर बनने के बाद आज तक दर्शन करने नहीं गए और वह प्रभु श्री राम का विरोध करते हैं।
बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं पर सरकार का फोकस – जे.पी. नड्डा
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार ने विभिन्न योजनाओं के माध्यम से देश की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने पर पूरा जोर दिया है।
स्थानीय युवाओं को मिलेगा बड़ा लाभ
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद धार विधायक नीना वर्मा ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के भूमि पूजन और उसके निर्माण के बाद स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा और दशा दोनों बदल जाएंगी। बच्चों को धार में ही मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा और स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
कार्यक्रम के दौरान धार जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गी, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान कुछ समय के लिए माइक बंद हो गया था, हालांकि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के आग्रह पर उन्होंने मंच पर लगे दूसरे माइक से कार्यक्रम को संबोधित किया।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

