बुधवार, 18 नवंबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

उज्जैन के तीन हजार सफाई मित्रों को दिए जाएंगे 5-5 हजार रुपए: डॉ. मोहन यादव

17 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
उज्जैन के तीन हजार सफाई मित्रों को दिए जाएंगे 5-5 हजार रुपए: डॉ. मोहन यादव
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। धार्मिक नगरी उज्जैन ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नगर के सभी 54 वार्डों के 3 हजार सफाई मित्रों को 5-5 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन कर्मयोगियों की मेहनत का परिणाम है, जो हर दिन शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में जुटे रहते हैं।


मंगलवार को उज्जैन के गीता भवन में आयोजित स्वच्छता मित्र सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में देश के कुल 27 पुरस्कारों में से मध्यप्रदेश के 9 शहरों ने अलग-अलग श्रेणियों में सम्मान हासिल किया है। मध्यप्रदेश अब केवल देश का हृदय प्रदेश ही नहीं, बल्कि स्वच्छ प्रदेश भी बन गया है। उन्होंने उज्जैन की इस उपलब्धि के लिए सफाई मित्रों, नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सफाई मित्रों को मंच से सम्मानित भी किया।


इंदौर के साथ देपालपुर ने भी गाड़े झंडे

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान ने देश में जनभागीदारी की नई मिसाल कायम की है। मध्यप्रदेश स्वच्छता के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। इंदौर के साथ अब देपालपुर ने भी शानदार उपलब्धि हासिल की है। कभी स्वच्छता सर्वेक्षण में 1700वें स्थान पर रहने वाला देपालपुर अब नंबर-1 बन गया है। उज्जैन और देवास के अलावा ग्वालियर, जबलपुर, रीवा और बुधनी ने भी अपनी-अपनी श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन किया है।


कचरे से बिजली और फूलों से बन रहे उत्पाद

मुख्यमंत्री ने उज्जैन में स्वच्छता के लिए किए जा रहे नवाचारों का उल्लेख करते हुए बताया कि शहर में गीले कचरे से बिजली तैयार की जा रही है। मंदिरों से निकलने वाले फूलों और निर्माल्य सामग्री से स्व-सहायता समूहों की महिलाएं अगरबत्ती, धूपबत्ती और गुलाल बना रही हैं। सूखे कचरे का इस्तेमाल ईंधन के रूप में किया जा रहा है। निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले मलबे के प्रबंधन के लिए 75 टन प्रतिदिन क्षमता का वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट विकसित किया जा रहा है। घर-घर कचरा संग्रहण के लिए 40 नए सीएनजी वाहन भी आ चुके हैं, जबकि 40 अन्य वाहन जल्द उपलब्ध कराए जाएंगे।


सफाई मित्रों की सुरक्षा और सम्मान प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि सफाई मित्र केवल शहर की सफाई नहीं करते, बल्कि उसकी सेहत, सुंदरता और सम्मान की रक्षा भी करते हैं। इसलिए सफाई वीर ही स्वच्छता के असली प्रहरी हैं। प्रदेश सरकार सफाई कर्मियों की सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता दे रही है। सभी सफाई कर्मियों को आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ दिया जा रहा है।


स्वच्छता हर नागरिक का दायित्व

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है। स्वच्छता का संदेश हमारी संस्कृति और परंपराओं में भी समाहित है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने इंदौर-उज्जैन सड़क के उद्घाटन और बदनावर-उज्जैन-बड़नगर मार्ग के लोकार्पण का भी उल्लेख किया।


सम्मेलन में इनकी रही मौजूदगी 

सम्मेलन में उज्जैन के महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति कलावती यादव, सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सदस्य बालयोगी उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, स्वच्छता मित्र और उनके परिजन मौजूद रहे।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें