
भोपाल। राजधानी भोपाल के यात्रियों के लिए नए साल में बड़ी खुशखबरी है। रेलवे ने आधिकारिक तौर पर घोषणा कर दी है कि जनवरी 2026 से निशातपुरा रेलवे स्टेशन शुरू कर दिया जाएगा। लंबे समय से तैयार यह स्टेशन अब यात्री सुविधाओं के साथ एक्टिव होगा। इसकी शुरुआत जबलपुर–वरावल (सोमनाथ) एक्सप्रेस और मालवा एक्सप्रेस से की जाएगी, जिनका स्टॉपेज यहीं रहेगा। इससे भोपाल, रानी कमलापति (हबीबगंज) और संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन पर बढ़ते यात्री दबाव में बड़ी राहत मिलेगी।
किन ट्रेनों को मिलेगा निशातपुरा में हाल्ट?
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, भविष्य में और भी कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव निशातपुरा स्टेशन पर देने पर विचार चल रहा है। प्रस्तावित ट्रेनों में शामिल हैं—
जयपुर–चेन्नई एक्सप्रेस
अजमेर–हैदराबाद एक्सप्रेस
इंदौर–हावड़ा
इंदौर–राजेंद्र नगर
विंध्याचल
राज्यरानी
भोपाल–बीना मेमू
बिलासपुर एक्सप्रेस
झांसी–इटारसी पैसेंजर
इसके अलावा भोपाल आउटर में ट्रेनों को लंबे समय तक खड़ा रखने की समस्या भी इस नए स्टेशन से काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।
सीनियर DCM का बयान: “भोपाल स्टेशन अत्यधिक कंजेस्टेड है”
भोपाल रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बातचीत में कहा, “निशातपुरा स्टेशन वर्ष 2023 से तैयार किया जा रहा है और अब इसके अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं। फिलहाल अंतिम परीक्षण किए जा रहे हैं। नववर्ष में स्टेशन को शुरू करने की तैयारी है। जैसे ही उद्घाटन की अनुमति मिलेगी, स्टेशन को ऑपरेशन में लाया जाएगा।”
उन्होंने आगे बताया, “अब तक मालवा एक्सप्रेस और जबलपुर–वरावल (सोमनाथ) एक्सप्रेस का निशातपुरा में हॉल्ट नोटिफाई किया जा चुका है। भोपाल स्टेशन परिचालन की दृष्टि से अत्यधिक कंजेस्टेड है। ट्रेनों का लगातार रिवर्सल यात्रियों की यात्रा में देरी कराता है।” साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया, “भविष्य में यात्रियों की मांग और लोड के आधार पर और ट्रेनों के हॉल्ट बढ़ाए जाएंगे। कई गाड़ियों के रूट और ठहराव का मूल्यांकन किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को अधिकतम सुविधा मिल सके।”
इंजन नहीं बदलेगा, बचेगा आधा घंटा
मालवा और ओवरनाइट एक्सप्रेस जैसी चार से अधिक ट्रेनें फिलहाल भोपाल स्टेशन पर रुकती हैं। यदि इन ट्रेनों का ठहराव भोपाल से हटाकर निशातपुरा तक सीमित किया जाता है, तो इंजन की दिशा बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
वर्तमान में भोपाल स्टेशन पर इंजन रिवर्सल में 30 मिनट से अधिक का समय लग जाता है, जो अब सीधे बचाया जा सकेगा। इससे इंदौर, उज्जैन और रतलाम की ओर जाने वाली ट्रेनों का संचालन और तेज होगा।
लोकेशन और कनेक्टिविटी
निशातपुरा स्टेशन भोपाल रेलवे स्टेशन से लगभग दो किलोमीटर दूर स्थित है। वर्तमान में भोपाल में तीन प्रमुख स्टेशन हैं—
भोपाल रेलवे स्टेशन (मेन)
रानी कमलापति (हबीबगंज)
संत हिरदाराम नगर
निशातपुरा और मेन स्टेशन की कनेक्टिविटी बेहतर करने का भी एक प्रोजेक्ट रेलवे के पास प्रस्तावित है। उधर, संत हिरदाराम नगर स्टेशन का विकास कार्य भी चल रहा है, जिसके पूरा होने पर वहां ट्रेनों के स्टॉपेज बढ़ेंगे।
NSG-3 कैटेगरी में अपग्रेड हुआ निशातपुरा स्टेशन
निशातपुरा स्टेशन को अब NSG-3 कैटेगरी में शामिल किया गया है, जिसके तहत पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम को अपग्रेड किया जा रहा है।
रेलवे के अनुसार—
2017 से पहले यह स्टेशन ‘C’ कैटेगरी में था।
नवंबर 2017 के बाद स्टेशन वर्गीकरण के मानक बदले गए।
अब यात्रियों की संख्या के आधार पर स्टेशनों को श्रेणियों में बांटा जाता है—
गैर-उपनगरीय (NSG) – ग्रुप 1 से 6
उपनगरीय (SG) – ग्रुप 1 से 3
हाल्ट (HG) – ग्रुप 1 से 3
NSG-3 बनने से स्टेशन पर सुविधाओं का स्तर भी और बेहतर होगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

