
जबलपुर से सामने आई एक तस्वीर ने हर किसी को चौंका दिया है। आम तौर पर हथकड़ी अपराधियों के हाथों में दिखाई देती है, लेकिन इस बार नजारा बिल्कुल अलग था। लॉर्डगंज थाना परिसर में एक सफेद रंग की मारुति अर्टिगा कार को हथकड़ी लगाई गई थी। कार के दरवाजे में लगी हथकड़ी को देखकर लोग हैरान रह गए कि आखिर गाड़ी को क्यों गिरफ्तार किया गया?
सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीर
जैसे ही थाने में खड़ी हथकड़ी लगी कार की तस्वीर सोशल मीडिया पर आई, वह तेजी से वायरल हो गई। लोगों की प्रतिक्रियाएं भी मजेदार रहीं— कोई कह रहा था कि अब गाड़ियां भी अपराध करने लगी हैं, तो कोई इसे पुलिस का नया तरीका बता रहा था। कई लोगों ने इसे कानून की सख्ती का प्रतीक माना, जबकि कुछ लोग सिर्फ इस अनोखे नजारे पर हैरानी जता रहे थे।
क्यों ‘गिरफ्तार’ हुई अर्टिगा?
इस पूरे मामले पर लॉर्डगंज सीएसपी रितेश शिव ने स्थिति साफ की। उन्होंने बताया कि मंगलवार देर रात अर्टिगा कार का चालक शराब के नशे में गाड़ी चला रहा था। पुलिस ने उसे मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत पकड़ा और वाहन को सुरक्षा के लिहाज से थाने में खड़ा कर दिया गया।
हथकड़ी लगाना बना विवाद की वजह
सीएसपी के मुताबिक, थाने में खड़ी कार पर एक मुंशी ने सुरक्षा के तौर पर पहले हथकड़ी लगाई, बाद में उसे हटाकर जंजीर डाली गई। लेकिन इसी बीच किसी ने कार की हथकड़ी लगी तस्वीर ले ली और वह वायरल हो गई। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मुंशी से स्पष्टीकरण मांगा गया है और आगे की जांच की जा रही है।
कानून तोड़ने पर गाड़ी भी हो सकती है जब्त
यह मामला एक बार फिर बताता है कि नशे में वाहन चलाना न सिर्फ जानलेवा है बल्कि आपकी गाड़ी भी जब्त हो सकती है। पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

