
रायपुर। सीएम विष्णु देव साय से शनिवार को राजधानी स्थित उनके निवास कार्यालय में जापान से आए प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। सीएम ने प्रतिनिधिमंडल के साथ छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक विकास व तकनीकी सहयोग के विभिन्न आयामों पर चर्चा की।
सीएम विष्णु देव साय ने प्रतिनिधिमंडल के समक्ष अपने जापान प्रवास का उल्लेख किया। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की उद्योगोन्मुखी और निवेश प्रोत्साहनकारी नीतियों के कारण छत्तीसगढ़ वैश्विक निवेशकों के लिए एक आकर्षक गंतव्य बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि जापान तकनीकी दृष्टि से अग्रणी देश है और वहां की उन्नत विशेषज्ञता का लाभ छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
सीएम ने जताया कि इस प्रकार के निवेश व सहयोग से प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बनेंगे। राज्य के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। जापान से आए प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ सरकार की नई औद्योगिक नीति को सराहा। कहा कि राज्य में निवेश के लिए अनुकूल वातावरण है, जिससे उद्योगों के विस्तार के लिए बेहतर संभावनाएं उपलब्ध हो रही हैं। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में अपने निवेश को और बढ़ाने की इच्छा जताई।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, एफसेनल के डायरेक्टर युकीहिरो मोमोसे, कोनोइके ट्रांसपोर्ट के एक्जीक्यूटिव ऑफिसर तोशीहीरो फूजीवारा, एफएसएनएल के मैनेजिंग डायरेक्टर सुनील कुमार दीक्षित और हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के पूर्व सीएमडी केडी दीवान उपस्थित थे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

