
भोपाल। ट्रेनों में सफर कर रहे लोगों को निशाना बनाकर चोरी करने वाला एक बेहद शातिर चोर आखिरकार जीआरपी भोपाल के हत्थे चढ़ गया है। हैरानी की बात यह है कि पकड़ा गया आरोपी कोई साधारण अपराधी नहीं, बल्कि विदेश से लौटा और पुणे यूनिवर्सिटी से बीटेक पास इंजीनियर है, जो ऑनलाइन गेमिंग की लत में फंसकर चोरी की राह पर उतर आया।
AC कोच में सोते यात्रियों के सिरहाने से पर्स उड़ाता था
जीआरपी भोपाल के अनुसार आरोपी की पहचान प्रांजल दीक्षित (36) निवासी देव स्थान, लखनऊ के रूप में हुई है। वह ट्रेनों के AC कोच में सफर करता था और नींद में सो रहे यात्रियों के सिरहाने रखे पर्स को चुपचाप उठा लेता था। चोरी की रकम और गहने वह ऑनलाइन वेटिंग गेम्स में उड़ा देता था।
आगरा की यात्री की शिकायत से खुला मामला
20 जनवरी 2026 को आगरा की रहने वाली अफशा बेगम ट्रेन से आगरा से मुंबई जा रही थीं। भोपाल स्टेशन पर किसी अज्ञात बदमाश ने उनके सोते समय पर्स चुरा लिया। पर्स में सोने की चेन, झुमके, अंगूठी, 35 हजार रुपए नकद और जरूरी दस्तावेज थे। मुंबई पहुंचकर उन्होंने इसकी शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामला जीआरपी भोपाल तक पहुंचा।
200 CCTV फुटेज खंगालकर पकड़ा गया चोर
जीआरपी भोपाल की टीम ने करीब 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। यात्रियों की मूवमेंट, स्टेशन पर उतरने-चढ़ने और कोच में संदिग्ध गतिविधियों का रोडमैप तैयार किया गया। इसी के आधार पर 30 जनवरी 2026 को आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने न सिर्फ अफशा बेगम की चोरी, बल्कि जीआरपी भोपाल क्षेत्र में हुई चार अलग-अलग चोरी की वारदातें भी कबूल कर लीं।
7 लाख रुपए के सोने के गहने बरामद
आरोपी के पास से पुलिस ने
मंगलसूत्र का पेंडल
सोने की दो चेन
एक जोड़ी झुमके
दो लेडीज अंगूठियां
बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई जा रही है।
चार केस दर्ज, पुलिस रिमांड पर आरोपी
प्रांजल दीक्षित के खिलाफ जीआरपी भोपाल थाने में धारा 305(सी) और 305(2) BNS के तहत चार मामले दर्ज किए गए हैं। उसे कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है और यह जांच की जा रही है कि वह और कहां-कहां चोरी कर चुका है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

