
भोपाल से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने हर माता-पिता को झकझोर कर रख दिया है। पल भर की लापरवाही और कुछ मिनटों की दूरी ने एक हंसता-खेलता परिवार हमेशा के लिए उजाड़ दिया। ईदगाह हिल्स इलाके में रहने वाले एक दंपती की 10 महीने की मासूम बच्ची की मौत सिर्फ इसलिए हो गई, क्योंकि वह खेलते-खेलते बाथरूम में चली गई और पानी से भरी बाल्टी में गिर गई।
ईदगाह हिल्स के फ्लैट में हुआ हादसा
यह दर्दनाक हादसा बुधवार रात करीब 10.30 बजे पीएनबी कॉलोनी, ईदगाह हिल्स में हुआ। यहां करण सिंह जाटव अपने परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में पत्नी, 5 साल का बेटा और 10 महीने की बेटी थी। बुधवार रात घर में सब कुछ सामान्य था। बच्ची अपने घर में खेल रही थी। इसी दौरान वह चुपचाप बाथरूम की ओर चली गई, जहां पानी से भरी एक बाल्टी रखी हुई थी।
10 मिनट में बदल गई पूरी जिंदगी
बताया जा रहा है कि बच्ची खेलते-खेलते बाथरूम में गई और मुंह के बल बाल्टी में गिर गई। उसका सिर पानी में डूब गया और पैर ऊपर की ओर थे। मासूम खुद को बचा नहीं सकी। करीब 10 मिनट तक जब बच्ची की आवाज नहीं आई और वह नजर नहीं आई तो मां को चिंता हुई। उन्होंने अपने 5 साल के बेटे से पूछा, लेकिन उसने भी बहन के साथ होने से इनकार कर दिया।
बाथरूम में देखा तो उड़ गए होश
इसके बाद मां तुरंत बाथरूम की ओर भागी। जैसे ही दरवाजा खोला, वहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। बच्ची पानी से भरी बाल्टी में उलटी पड़ी थी। उसका सिर पानी में डूबा हुआ था और चेहरे का रंग नीला पड़ चुका था। घबराई हुई मां ने तुरंत पति करण सिंह को फोन किया। थोड़ी ही देर में पति घर पहुंचे और बच्ची को लेकर हमीदिया अस्पताल पहुंचे।
हमीदिया अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
मां-बाप अपनी मासूम को लेकर जब हमीदिया अस्पताल पहुंचे तो वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पूरे अस्पताल में मातम पसर गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही शाहजहांनाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर मॉर्चुरी में रखवाया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। गुरुवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल परिजनों के विस्तृत बयान नहीं लिए गए हैं, लेकिन मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
फोरेंसिक टीम ने भी की जांच
पुलिस के मुताबिक इस मामले में फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया था। बाथरूम, बाल्टी और आसपास की जगहों की जांच की गई है, ताकि यह साफ हो सके कि यह हादसा कैसे हुआ और कहीं कोई संदिग्ध पहलू तो नहीं है।
मामा ने बताई हादसे की पूरी कहानी
मृत बच्ची के मामा संदीप ने बताया कि हादसे के समय बच्ची की मां किचन में काम कर रही थी। वह कुछ देर के लिए ही वहां गई थी, लेकिन इसी दौरान बच्ची बाथरूम में चली गई। करीब 10 मिनट तक बच्ची नजर नहीं आई तो मां ने बेटे से पूछा। जब उसने मना कर दिया तो उन्होंने बाथरूम देखा, जहां बच्ची बाल्टी में डूबी हुई मिली।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

