
भोपाल से बड़ी खबर! शुक्रवार तड़के शहर के जेल रोड इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब महाकाल ऑटोमोबाइल शॉप से अचानक आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते शोरूम में खड़ी कारें धू-धू कर जलने लगीं। कुछ ही मिनटों में 7 कारें पूरी तरह राख हो गईं। यह सभी गाड़ियां मरम्मत के लिए आई थीं। शॉप मालिक के मुताबिक इस हादसे में करीब 35 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
कहां हुआ हादसा?
यह आग जेल रोड स्थित ट्रूबा कॉलेज के पास बने महाकाल ऑटोमोबाइल में लगी। सुबह करीब 5:30 बजे शॉप में आग की सूचना मिली, जिसके बाद मालिक सिद्धार्थ मिश्रा और फायर ब्रिगेड को तुरंत बुलाया गया।
दमकल की कई गाड़ियां पहुंचीं, लेकिन…
आग की भयावहता को देखते हुए गांधीनगर, छोला और बैरागढ़ फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। हालांकि, जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक शॉप में खड़ी सभी 7 कारें पूरी तरह जल चुकी थीं।
ग्राहकों की कारें थीं, स्पेयर पार्ट्स भी जले
शॉप के अंदर 5 और बाहर 2 कारें खड़ी थीं। इसके अलावा, वहां रखे गए स्पेयर पार्ट्स और गाड़ियों का अन्य सामान भी आग की चपेट में आ गया, जिससे नुकसान और बढ़ गया। सभी कारें ग्राहकों की थीं, जिससे कई लोग परेशान हैं।
शॉर्ट सर्किट नहीं, साजिश की आशंका
शॉप मालिक सिद्धार्थ मिश्रा का कहना है कि,“छह महीने पहले ही नया इलेक्ट्रिक सिस्टम लगाया गया था, जो पूरी तरह सुरक्षित है। इसलिए शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना नहीं लगती।” आग में सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी जल गए, जिससे शॉप के अंदर की फुटेज नहीं मिल पाएगी। हालांकि, आसपास की दुकानों के कैमरों से फुटेज निकालकर जांच की मांग की गई है। शॉप मालिक को आशंका है कि किसी ने जानबूझकर आग लगाई हो सकती है।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की जांच निशातपुरा पुलिस कर रही है। आग लगने की असली वजह क्या थी, यह आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर पता लगाया जाएगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

