सोमवार, 27 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

रायसेन में चलती बस में लगी आग, ट्रक चालक की सूझबूझ से बचे 50 यात्री, पूरी बस जलकर खाक

14 जन, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
रायसेन में चलती बस में लगी आग, ट्रक चालक की सूझबूझ से बचे 50 यात्री, पूरी बस जलकर खाक

रायसेन में चलती बस में लगी आग, ट्रक चालक की सूझबूझ से बचे 50 यात्री, पूरी बस जलकर खाक

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। रात के सन्नाटे में अचानक चीख-पुकार, धुएं का गुबार और सड़क पर भागते लोग… मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में सोमवार देर रात कुछ ऐसा ही मंजर देखने को मिला। इंदौर से रीवा जा रही जय भवानी ट्रेवल्स की बस में बम्होरी ढाबे के पास अचानक आग लग गई। यह घटना रात करीब 1.30 बजे की बताई जा रही है। बस में करीब 50 यात्री सवार थे, जो नींद में थे और किसी को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही पलों में उनकी जिंदगी खतरे में पड़ने वाली है।


ट्रक चालक बना फरिश्ता, जबरन रुकवाई बस

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस के पीछे चल रहे एक ट्रक चालक ने देखा कि बस के टायर से चिंगारियां निकल रही हैं और आग भड़क चुकी है। उसने बार-बार हॉर्न देकर बस चालक को इशारा किया, लेकिन बस नहीं रुकी। आखिरकार ट्रक चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए अपना ट्रक आगे लगाकर बस को जबरन रुकवाया। जैसे ही बस रुकी, यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए कूदने लगे। इसी बहादुरी और तत्परता के चलते करीब 50 यात्रियों की जान बच सकी।


टायर फटते ही भड़की आग, डीजल से और फैली लपटें

जानकारी के अनुसार बस का एक टायर फट गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

 बस से डीजल सड़क पर फैल गया, जिससे आसपास भी आग लग गई। धुएं और लपटों के बीच लोग खिड़कियों और दरवाजों से कूदते नजर आए। ढाबा संचालक और उनके कर्मचारियों ने भी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।


यात्रियों का सामान जलकर राख, ड्राइवर-क्लीनर फरार

हालांकि गनीमत यह रही कि किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन जल्दी-जल्दी बस से कूदने के दौरान कुछ लोगों को मामूली चोटें जरूर लगीं। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को जलाकर राख कर दिया। यात्रियों का सारा सामान – कपड़े, बैग, मोबाइल, पैसे – सब कुछ आग की भेंट चढ़ गया। सबसे हैरानी की बात यह रही कि हादसे के बाद बस का ड्राइवर और क्लीनर मौके से फरार हो गए।


दमकल पहुंची एक घंटे बाद, तब तक बस हो चुकी थी खाक

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन फायर ब्रिगेड करीब एक घंटे बाद पहुंच सकी। तब तक पूरी बस जल चुकी थी। देर रात तक यात्री सड़क किनारे ही खड़े रहे। बस कंपनी की ओर से न तो कोई वैकल्पिक बस भेजी गई और न ही कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नजर आया। यात्री अपने हाल पर छोड़ दिए गए।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें