
भोपाल के ईंटखेड़ी इलाके में देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब शादी समारोह से लौट रहे एक युवक पर बदमाशों ने सरेराह जानलेवा हमला कर दिया। कार रोककर तीन से ज्यादा राउंड फायरिंग की गई, जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने आई पत्नी और बहन को भी चाकू मारकर घायल कर दिया गया।
ईंटखेड़ी इलाके में सरेराह फायरिंग
घटना भोपाल के ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र की है। चार बदमाशों ने शादी से लौट रहे युवक पर अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने तीन से ज्यादा राउंड फायर किए। युवक के पैर और पेट में गोलियां लगीं।
युवक की हालत नाजुक
गंभीर रूप से घायल युवक को चिरायु अस्पताल मालीपुरा में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों ने देर रात तक सर्जरी कर पेट और पैर में फंसी गोलियां निकालीं। डॉक्टरों के मुताबिक युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।
बचाने आई पत्नी और बहन पर भी हमला
हमले के दौरान युवक की पत्नी और बहन ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने दोनों के हाथों पर चाकू से वार कर दिया। दोनों महिलाएं भी घायल हुई हैं।
24 घंटे में सबक सिखाने की धमकी
घायल युवक की पहचान 28 वर्षीय दानिश अली के रूप में हुई है, जो रेलवे में पार्सल ठेकेदारी का काम करता है और स्टेशन बजरिया इलाके में रहता है। दानिश के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गुरुवार को स्टेशन बजरिया इलाके में एक कार्यक्रम के दौरान दानिश और बदमाश रूसी के बीच बहस हुई थी। इसी दौरान रूसी ने दानिश को जान से मारने की धमकी दी थी और 24 घंटे में सबक सिखाने की बात कही थी।
कार के आगे कार लगाकर रोका रास्ता
शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे दानिश अपने परिवार के साथ ईंटखेड़ी इलाके के एक गार्डन में रिसेप्शन से लौट रहा था। इसी दौरान बदमाश रूसी और उसके तीन साथियों ने दानिश की कार के आगे अपनी कार लगाकर रास्ता रोक लिया।
पहले फायरिंग, फिर चाकू से हमला
कार रुकते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पहले दो राउंड मिस हुए, लेकिन इसके बाद दानिश के पेट और पैर में गोली मार दी गई। इसके बाद हमलावरों ने चाकू और छुरों से भी हमला किया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने FIR दर्ज की
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस देर रात अस्पताल पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। इसके बाद शन्नू वजनदार, जुबैर किलकिल, फरदीन, शहवेज समेत पांच अन्य आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। सभी आरोपी स्टेशन बजरिया और ऐशबाग थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
आरोपी रूसी ने जारी किया वीडियो
घटना के मास्टरमाइंड बताए जा रहे बदमाश रूसी ने एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में रूसी ने कहा, “मैं घटना से तीन दिन पहले से ही दिल्ली में था। दानिश के परिवार से मेरा पुश्तैनी विवाद जरूर है, इसी वजह से मेरा नाम बेवजह इस मामले में घसीटा जा रहा है। घटना से मेरा कोई लेना-देना नहीं है और फरियादी पक्ष पुरानी रंजिश के चलते मुझे जबरन जेल भिजवाना चाहता है।”
आरोपियों की तलाश में दबिश
पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। सरेराह हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

