
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पांढुर्णा सहित प्रदेश के नवीन जिलों में विकास, नागरिक सुविधाओं और निर्माण कार्यों को तेजी देना सरकार की प्राथमिकता है। युवाओं को उद्योग और रोजगार से जोड़ने के लिए औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ कृषि और स्किल डेवलपमेंट के कार्यक्रम तैयार किए जाएंगे। पशुपालन और दुग्ध उत्पादन की संभावनाओं को भी विस्तार दिया जाएगा।
पांढुर्णा में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जिले के विकास में कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने हनुमान लोक के अगले चरण के निर्माण कार्यों की समीक्षा कर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि पांढुर्णा जिले में अब तक 112 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि 248 करोड़ रुपये के कार्य निर्माणाधीन हैं। इनमें शासकीय कार्यालय, सड़क, पुल और नल-जल योजनाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने नवीन कलेक्टर कार्यालय भवन की प्रस्तावित योजना का भी अवलोकन किया।
हनुमान लोक से बढ़ी आय
बैठक में बताया गया कि हनुमान लोक के लोकार्पण के बाद क्षेत्र की औसत मासिक आय 25 लाख रुपये से बढ़कर 60 लाख रुपये हो गई है। प्रथम चरण में 57 दुकानों की नीलामी से करीब 11 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। इस राशि का उपयोग मंदिर और श्रद्धालु सुविधाओं के विकास व रखरखाव में किया जा रहा है।
स्थानीय उत्पादों और महिला समूहों की सराहना
मुख्यमंत्री ने सांदीपनी स्कूल में आयोजित सेवा सेतु अभियान ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। उन्होंने स्थानीय उद्यमियों के अचार, टोमेटो सॉस और मसालों सहित वन एवं औषधीय उत्पादों को देखा। महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार लिप्पन आर्ट, मोजेक आर्ट और टी-लाइट क्राफ्ट की भी सराहना की।
वृद्धजनों का सम्मान, बच्चों से संवाद
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित की तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ प्रदान किए। ‘हमारे वृद्ध, हमारा स्वाभिमान’ कार्यक्रम में वृद्धजनों का शॉल, श्रीफल और फल की टोकरी भेंट कर सम्मान किया।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

