गुरुवार, 16 अप्रैल 2026
Logo
Madhaya Pradesh

जनगणना के सटीक आंकड़े आगामी वर्षों की योजनाएं तैयार करने में होते हैं मददगार: विष्णु देव साय

16 अप्रैल, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
जनगणना के सटीक आंकड़े आगामी वर्षों की योजनाएं तैयार करने में होते हैं मददगार: विष्णु देव साय
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को राजधानी स्थित अपने निवास में जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना कर अपनी जानकारी दर्ज कर जनगणना अभियान की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से इस राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना के सटीक आंकड़े आगामी वर्षों की योजनाएं तैयार करने में मददगार होते हैं। 


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भारत में विश्व का सबसे बड़ा जनगणना अभियान संचालित हो रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ में आज से ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नागरिक 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 के बीच ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार से संबंधित जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इस बार जनगणना को आधुनिक और डिजिटल स्वरूप दिया गया है, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुलभ हो सके।


मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश और राज्य के भविष्य की दिशा तय करने का आधार है। इन आंकड़ों के आधार पर सरकार आने वाले वर्षों की योजनाएं तैयार करती है, जिससे विकास का लाभ हर वर्ग तक प्रभावी रूप से पहुंच सके। उन्होंने बताया कि 1 मई 2026 से जनगणना का पहला चरण शुरू होगा, जिसमें मकान सूचीकरण और गणना का कार्य किया जाएगा।


सभी व्यक्तिगत जानकारी गोपनीय रखी जाती है

मुख्यमंत्री ने बताया कि 30 मई तक प्रगणक घर-घर जाकर आवासीय और गैर-आवासीय भवनों, उनकी स्थिति, उपयोग तथा बुनियादी सुविधाओं जैसे पेयजल, शौचालय, बिजली, रसोई गैस, इंटरनेट और संचार व्यवस्था से संबंधित जानकारी एकत्र करेंगे। उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि जब भी प्रगणक घर पहुंचे तो उन्हें सही, स्पष्ट और पूर्ण जानकारी दें, जिससे प्रत्येक जानकारी राज्य के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान दी गई सभी व्यक्तिगत जानकारी गोपनीय रखी जाती है और इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय एवं नीतिगत उद्देश्यों के लिए ही किया जाएगा।

            

छत्तीसगढ़ तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है और “विकसित छत्तीसगढ़ 2047” के संकल्प को साकार करने में जनगणना की महत्वपूर्ण भूमिका है। सही आंकड़े ही बेहतर योजना और प्रभावी विकास की नींव रखते हैं। उन्होंने प्रदेश के सभी नागरिकों से इस महाअभियान को जनभागीदारी का उत्सव बनाने और सक्रिय सहयोग देने की अपील की। इस दौरान अपर मुख्य सचिव तथा जनगणना के नोडल मनोज कुमार पिंगुआ,  कलेक्टर रायपुर डॉ. गौरव कुमार सिंह, संचालक जनगणना कार्तिकेय गोयल सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें