
भोपाल। प्रदेश में आगामी रबी मौसम के लिए किसानों की आवश्यकता के अनुरूप विभिन्न फसलों के प्रमाणित बीज का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा जिलों में बीज की उपलब्धता की निरंतर समीक्षा की जा रही है। विभाग ने किसानों से अधिकृत विक्रय केंद्रों व सहकारी संस्थाओं से ही बीज खरीदने की अपील की है।
विभाग के अनुसार, किसानों की मांग और आवश्यकता के अनुरूप बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिलों में लगातार निगरानी की जा रही है, जिससे आगामी रबी मौसम में किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज प्राप्त करने में परेशानी न हो।
37.51 लाख क्विंटल से अधिक बीज उपलब्ध
कृषि विभाग के अनुसार, प्रदेश में चना, मसूर, सरसों, अलसी, मटर, गेहूं एवं जौ के कुल 37,51,994 क्विंटल बीज उपलब्ध हैं। इनमें निजी बीज संस्थाओं के पास 25,48,843 क्विंटल और विभिन्न शासकीय एवं अधिकृत संस्थाओं के पास 12,03,191 क्विंटल बीज का भंडारण है।
विभिन्न संस्थाओं के पास बीज का भंडारण
प्रदेश राज्य बीज एवं फार्म विकास निगम के पास 91,452 क्विंटल, शासकीय कृषि प्रक्षेत्रों में 12,403 क्विंटल, बीज संघ के पास 6,52,739 क्विंटल, राष्ट्रीय बीज निगम के पास 2,55,718 क्विंटल तथा अन्य अधिकृत संस्थाओं के पास 1,90,839 क्विंटल बीज उपलब्ध हैं।
बीज खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
किसानों से आग्रह किया गया है कि वे प्रमाणित बीज अधिकृत विक्रय केंद्रों एवं संबंधित सहकारी संस्थाओं से ही खरीदें। बीज लेते समय उसके टैग, बिल और वैधता की जांच अवश्य करें। यदि कहीं बीज की बिक्री में अनियमितता होती है या निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूली जाती है, तो संबंधित जिले के कृषि विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दें।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

