
ग्वालियर। मध्य प्रदेश में मिलावटी खाद्य पदार्थों का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला ग्वालियर से सामने आया है, जहां खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई में मसालों में भूसी और लकड़ी का बुरादा मिलाने का बड़ा खुलासा हुआ। इस खबर ने आम लोगों की सेहत को लेकर नई चिंता खड़ी कर दी है, क्योंकि रोजाना इस्तेमाल होने वाले मसालों में इस तरह की मिलावट सीधे स्वास्थ्य पर असर डाल सकती है।
छापे में सामने आया मिलावट का खेल
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने हॉस्पिटल रोड स्थित एक मसाला पिसाई चक्की पर छापा मारा। निरीक्षण के दौरान परिसर में साबुत हल्दी, लाल मिर्च, धनिया और तैयार मसाला पाउडर के साथ भूसी और लकड़ी का बुरादा भी पाया गया। जांच में खुलासा हुआ कि इन चीजों को धनिया पाउडर में मिलाकर बाजार में बेचा जा रहा था। मौके पर मौजूद कारोबारी कल्ली शाह ने बताया कि वह किराए के परिसर में मसाला कारोबार चला रहा था।
हजारों रुपए का माल जब्त, पिसाई केंद्र सील
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश कुमार शर्मा की टीम ने गरम मसाला पाउडर, धनिया पाउडर, चौकर, लकड़ी का बुरादा और साबुत धनिया के सैंपल जांच के लिए लिए। साथ ही करीब 30 किलो गरम मसाला, 40 किलो धनिया पाउडर, 30 किलो चौकर, 40 किलो लकड़ी का बुरादा और 50 किलो साबुत धनिया जब्त किया गया। जब्त सामग्री की कीमत करीब 30,700 रुपए आंकी गई है। अनियमितताएं मिलने के बाद पिसाई केंद्र को तत्काल बंद कर सील कर दिया गया और खाद्य पंजीयन निलंबित करने की कार्रवाई भी की गई।
सेहत पर खतरा, प्रशासन की सख्ती जारी
खाद्य विभाग का कहना है कि मिलावटखोरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है, लेकिन बावजूद इसके ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। अधिकारियों ने लोगों से भी अपील की है कि संदिग्ध खाद्य पदार्थों की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

