
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि इंदौर ने स्वच्छता को अपनी आदत और संस्कृति बनाकर देश में मिसाल कायम की है। अब शहरवासी फिटनेस, नशामुक्ति और जल संरक्षण को भी जन आंदोलन बनाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण के प्रयासों को जनभागीदारी से नई गति मिल रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत इंदौर में आयोजित ‘वन इंदौर-रन इंदौर 2.0’ मैराथन के प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री निवास से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इंदौर ने साबित किया है कि वह जो भी करता है, कुछ नया करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि स्वच्छता की तरह स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्ति के क्षेत्र में भी इंदौर देश के लिए उदाहरण बनेगा।
कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक सहित जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी और विभिन्न संस्थाओं के सदस्य मौजूद रहे।
नशामुक्त भारत के लिए जनभागीदारी जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलती जीवनशैली के बीच युवाओं को नशे से दूर रखना जरूरी है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देशभर में नशामुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता की तरह जनसहयोग से नशामुक्त भारत का संकल्प भी पूरा होगा।
बेटियों की उपलब्धियों पर जताया गर्व
मुख्यमंत्री ने लोकमाता अहिल्याबाई होलकर को नमन करते हुए मैराथन में शामिल नागरिकों का उत्साहवर्धन किया। साथ ही एशियाई महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 में भारतीय टीम की जीत पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता से नए मुकाम हासिल कर रही हैं।
जल संकट दूर करने के लिए हरसंभव प्रयास
इंदौर के जल संकट पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर कदम पर शहर के साथ है। नर्मदा जल की अधिक उपलब्धता सुनिश्चित करने और जल संकट के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मैराथन प्रतिभागियों को पानी की प्रत्येक बूंद बचाने, जल स्रोतों को स्वच्छ रखने और जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने की शपथ दिलाई।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

