रविवार, 20 सितंबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

नीमच में जल्द बनेगा एयरपोर्ट, साढ़े तीन लाख से अधिक नई भर्तियां होंगी: डॉ. मोहन यादव

20 सित, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
नीमच में जल्द बनेगा एयरपोर्ट, साढ़े तीन लाख से अधिक नई भर्तियां होंगी: डॉ. मोहन यादव
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नीमच में शीघ्र एयरपोर्ट बनाया जाएगा। खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए सर्वसुविधायुक्त स्टेडियम भी तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले ढाई वर्षों में एक लाख से अधिक भर्तियां की गई हैं, जबकि आगामी ढाई वर्षों में साढ़े तीन लाख से अधिक भर्तियां और की जाएंगी।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को नीमच के अग्रोहा भवन में आयोजित ‘सेवा से संकल्प अभियान’ के अभिनंदन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई देते हुए देश के विकास में उनके योगदान का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में सेवा से संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी जिलों में सेवा, जनभागीदारी और जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।


शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य में विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश का शिक्षा बजट करीब 5 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 38 हजार करोड़ रुपये और प्रदेश का कुल बजट 4.48 लाख करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने प्राथमिक शिक्षा में ड्रॉपआउट रेट शून्य होने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 1.70 लाख रुपये से अधिक हो गई है और बिजली उत्पादन 32 हजार मेगावॉट से ज्यादा पहुंच गया है। वर्ष 2002 में प्रदेश में करीब 5 मेडिकल कॉलेज थे, जबकि अब 33 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जिनमें लगभग 8 हजार सीटें हैं।


नीमच को एयरपोर्ट और स्टेडियम की सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नीमच की उद्यमशीलता और नागरिकों के जुझारूपन की सराहना करते हुए एयरपोर्ट और सर्वसुविधायुक्त स्टेडियम बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि खेल सुविधाओं के विस्तार से जिले के युवाओं और प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे।


खिमला में छोड़ी जाएगी मादा चीता

मुख्यमंत्री ने कहा कि चीता प्रोजेक्ट के तहत नीमच के खिमला क्षेत्र में मादा चीता को छोड़ा जा रहा है। उन्होंने इसे जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि मध्यप्रदेश वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय व्यापार और समझौतों में देश ने राष्ट्रीय हितों और किसानों के हितों को प्राथमिकता दी है।


कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी 

कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार, विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा और वंदन खंडेलवाल ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने ‘सेवा से संकल्प अभियान’ में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें