
भोपाल। मध्यप्रदेश में 2020 में कमलनाथ सरकार गिरने को लेकर एक बार फिर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अजय सिंह उर्फ 'राहुल भैया' के एक बयान ने प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। राहुल भैया ने साफ कहा है कि 2020 में कांग्रेस सरकार के पतन के लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह दोनों बराबर के जिम्मेदार थे। अब उनके इस बयान को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. दुर्गेश केसवानी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल भैया की जुबान से कांग्रेस का सच एक बार फिर बाहर आ गया है। कांग्रेस जिस बात को वर्षों से छिपाने और राजनीतिक नैरेटिव के जरिए जनता के सामने दूसरी तरह पेश करने की कोशिश करती रही, आज उसी पार्टी के वरिष्ठ नेता उसकी वास्तविकता उजागर कर रहे हैं।
राहुल भैया के बयान ने कांग्रेस के पुराने दावों पर खड़े किए सवाल
डॉ. दुर्गेश केसवानी ने कहा कि 2020 में जब मध्यप्रदेश की कांग्रेस सरकार गिरी थी, तब कांग्रेस के नेता लगातार हॉर्स ट्रेडिंग और विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे थे। कांग्रेस ने सरकार गिरने के पूरे घटनाक्रम को भाजपा पर आरोप लगाने का राजनीतिक हथियार बना लिया था। लेकिन अब कांग्रेस के ही वरिष्ठ नेता अजय सिंह राहुल भैया ने स्वीकार किया है कि सरकार गिरने के लिए कमलनाथ और दिग्विजय सिंह दोनों जिम्मेदार थे। केसवानी ने कहा कि पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा के बयान को भी इस संदर्भ में देखा जाना चाहिए, जिन्होंने कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के बीच की खींचतान को सरकार गिरने की वजह बताया।
'कांग्रेस का मूल चरित्र झूठ बोलना और भ्रम फैलाना'
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने तीखे शब्दों में कहा कि कांग्रेस का मूल चरित्र झूठ बोलना, राजनीतिक नैरेटिव सेट करना और परसेप्शन बनाकर जनता को भ्रमित करना रहा है। जब भी कांग्रेस के भीतर कोई राजनीतिक संकट आता है, पार्टी अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय दूसरों पर आरोप मढ़ने लगती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता पहले जनता के सामने हॉर्स ट्रेडिंग की कहानी सुनाते रहे, लेकिन अब उन्हीं के वरिष्ठ नेता बता रहे हैं कि सरकार के भीतर सत्ता संघर्ष और शीर्ष नेतृत्व की जिद ने हालात बिगाड़े थे। यह कांग्रेस की राजनीति का विरोधाभास है कि पार्टी के नेता ही अपने पुराने दावों पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
'सत्ता की जिद में सरकार गंवाई, अब एक-दूसरे पर डाल रहे जिम्मेदारी'
डॉ. केसवानी ने कहा कि कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के बीच सत्ता और संगठन को लेकर खींचतान किसी से छिपी नहीं थी। जब सरकार बचाने के लिए राजनीतिक समझदारी और सामंजस्य की जरूरत थी, तब नेतृत्व के बीच टकराव बढ़ता चला गया। कांग्रेस के भीतर पैदा हुए इस संकट को समय रहते सुलझाया जा सकता था, लेकिन नेतृत्व की जिद और आपसी खींचतान ने सरकार को संकट में डाल दिया।
उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस के नेता एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं। राहुल भैया का बयान इस बात का संकेत है कि कांग्रेस के भीतर भी 2020 में सरकार गिरने के कारणों को लेकर एकराय नहीं है। पार्टी के नेता अब सार्वजनिक रूप से अपनी ही पार्टी के नेतृत्व की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं।
'जनता को धोखा देने वाली राजनीति ज्यादा दिन नहीं चलती'
केसवानी ने आगे कहा कि कांग्रेस को अब दूसरों पर आरोप लगाने के बजाय अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। मध्यप्रदेश की जनता को यह जानने का अधिकार है कि 2018 में जिस सरकार को बड़े-बड़े वादों के साथ सत्ता में लाया गया था, वह महज 15 महीने में क्यों गिर गई? उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि जनता सब देखती और समझती है। झूठे आरोपों, राजनीतिक भ्रम और परसेप्शन की राजनीति से सच्चाई को हमेशा नहीं छिपाया जा सकता। जब अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता सरकार गिरने की जिम्मेदारी तत्कालीन नेतृत्व पर डाल रहे हैं, तब कांग्रेस को भाजपा पर आरोप लगाने के बजाय अपने अंदर झांकने की जरूरत है।
अजय सिंह राहुल भैया के बयान के बाद मध्यप्रदेश की राजनीति में 2020 की सत्ता परिवर्तन की कहानी एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है। भाजपा इसे कांग्रेस की अंदरूनी विफलता बता रही है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

