
श्रीनगर। अमरनाथ यात्रा पर निकले मध्यप्रदेश के श्रद्धालुओं से भरी एक बस जम्मू-कश्मीर में करीब 50 फीट गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में मध्यप्रदेश के करीब 19 यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें श्रीनगर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसा गांदरबल जिले के रंगा मोड़ के पास हुआ। बस में लगभग 40 श्रद्धालु सवार थे और यह बालटाल से श्रीनगर की ओर जा रही थी। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद मध्यप्रदेश सरकार ने घायलों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
कश्मीर में हादसे के बाद शुरू हुआ राहत अभियान
दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहत टीमों ने खाई में उतरकर सभी घायलों को बाहर निकाला। प्रारंभिक उपचार के लिए उन्हें उप-जिला अस्पताल कंगन पहुंचाया गया। जिन श्रद्धालुओं की हालत गंभीर थी, उन्हें बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर के विभिन्न अस्पतालों में रेफर कर भर्ती कराया गया है।
मंदसौर की बस में सवार थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस मंदसौर की थी और यह भगवती यात्रा कंपनी से संचालित बताई गई है। बस में सवार सभी श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा के लिए निकले थे। रंगा मोड़ के पास बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे यात्रियों को गंभीर चोटें आईं।
राज्य सरकार ने ली स्थिति की जानकारी
हादसे की सूचना मिलने पर उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने घायलों के इलाज की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को उपचार संबंधी आवश्यक निर्देश भी दिए। दुर्घटना की सूचना मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी दी गई है, जिसके बाद प्रशासनिक स्तर पर घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
परिजन श्रीनगर के लिए रवाना
हादसे की खबर मिलते ही घायल श्रद्धालुओं के परिजनों में चिंता बढ़ गई। कई परिवार अपने परिजनों का हाल जानने के लिए श्रीनगर रवाना हो गए हैं।
मध्यप्रदेश के घायल श्रद्धालुओं की सूची
दिनेश (48 वर्ष)
रिजवान (40 वर्ष)
मुकेश (40 वर्ष)
राहुल (45 वर्ष)
प्रेम भाई (50 वर्ष)
ललिता (55 वर्ष)
राजेश कुमार (52 वर्ष)
किशोर पंडित (52 वर्ष)
चंद्रलाल (35 वर्ष)
गायत्री (56 वर्ष)
विश्वास राठौड़ (58 वर्ष)
यशोदा (52 वर्ष)
देविंदर राठौड़ (48 वर्ष)
मीरा (48 वर्ष)
सागर लाल कुमार (45 वर्ष)
सालक राम (55 वर्ष)
इंद्र (57 वर्ष)
चंदर कंतन (48 वर्ष)
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

