
भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 17 फरवरी को नई दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय सहकारिता सम्मेलन में राज्यों के कामकाज की समीक्षा करेंगे। इस बैठक में अलग-अलग राज्यों के सहकारिता विभागों की गतिविधियों, उपलब्धियों और नवाचारों पर चर्चा होगी। सम्मेलन को लेकर मध्यप्रदेश में भी तैयारियां तेज हो गई हैं और सहकारिता विभाग ने प्रजेंटेशन तैयार करना शुरू कर दिया है।
राज्यों के कामकाज और नवाचारों पर होगी चर्चा
दिल्ली में होने वाले इस सम्मेलन में देशभर के सहकारिता विभागों की प्रगति, योजनाओं और नए प्रयोगों का आकलन किया जाएगा। मध्यप्रदेश की ओर से सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग भी इस बैठक में शामिल होंगे और विभाग की उपलब्धियों को प्रस्तुत करेंगे।
प्रजेंटेशन तैयार करने के निर्देश
सम्मेलन को ध्यान में रखते हुए मंत्री विश्वास सारंग ने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक तैयारी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि विभाग द्वारा किए गए नवाचारों और प्रमुख उपलब्धियों से जुड़ा विस्तृत प्रजेंटेशन तैयार किया जाए। साथ ही केंद्र सरकार द्वारा मांगी गई बिंदुवार जानकारी भी पूरी तरह संकलित कर प्रस्तुत की जाए।
अद्यतन जानकारी देने पर जोर
मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सम्मेलन में प्रस्तुत की जाने वाली सभी जानकारियां पूरी तरह अपडेट और तथ्यात्मक हों। उन्होंने कहा कि प्रजेंटेशन में विभाग की उपलब्धियों के साथ-साथ सीपीपीपी मॉडल, चीता, बीज योजनाओं और अन्य नवाचारों को भी शामिल किया जाए, ताकि प्रदेश के प्रयासों को प्रभावी तरीके से रखा जा सके।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

