
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया, जब एयरफोर्स का ट्रेनिंग माइक्रोलाइट विमान हवा में डगमगाते हुए तालाब में गिर गया। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार दोनों पायलट सुरक्षित हैं। हादसा दोपहर करीब 12:20 बजे केपी कॉलेज के पीछे हुआ, जो शहर का घनी आबादी वाला इलाका है।
पैराशूट से कूदे पायलट, दलदल में फंसे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान के गिरने से पहले दोनों पायलटों ने सूझबूझ दिखाते हुए पैराशूट से छलांग लगा दी। वे तालाब में गिरे और जलकुंभी व दलदल में फंस गए, जिन्हें मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाला।
सेना, फायर ब्रिगेड, SDRF-NDRF मौके पर
जिस तालाब में विमान गिरा, वहां चारों ओर घनी जलकुंभी फैली हुई है। रेस्क्यू के लिए सेना, फायर ब्रिगेड, SDRF और NDRF की टीमें मौके पर मौजूद हैं और मलबे को निकालने का काम जारी है। हादसे की जगह से माघ मेले का क्षेत्र करीब 3 किलोमीटर दूर है।
टेक्निकल फॉल्ट बना हादसे की वजह
PRO डिफेंस विंग कमांडर देबार्थों धर ने बताया कि, “IAF का माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट दोपहर 12:15 बजे बमरौली एयरफोर्स स्टेशन से उड़ान भरते समय तकनीकी खराबी का शिकार हो गया। पायलटों ने विमान को सुनसान इलाके में उतारा, जिससे किसी आम नागरिक को नुकसान नहीं हुआ।”
कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश
एयरफोर्स ने हादसे के कारणों की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दे दिए हैं। दोनों पायलट सुरक्षित हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

