
भोपाल में ट्रैफिक सुधार के नाम पर पेड़ों पर आरी नहीं चलेगी! शहर के 27 बड़े चौराहा-तिराहा के कायाकल्प के लिए बने प्रोजेक्ट में बड़ा बदलाव किया गया है। वजह साफ है—एक भी पेड़ नहीं कटेगा। पहले सर्वे में पेड़ों को हटाने की सलाह दी गई थी, लेकिन पीडब्ल्यूडी अफसरों ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए एजेंसी को दो टूक कह दिया—“नो कटिंग, नो कॉम्प्रोमाइज।” अब पूरे प्रोजेक्ट का दोबारा सर्वे शुरू कर दिया गया है।
पेड़ बचेंगे, डिजाइन बदलेगी
पीडब्ल्यूडी ने जिन स्थानों पर यातायात सुधार के लिए सर्वे कराया था, वहां कई जगह पेड़ काटने की सिफारिश हुई थी। लेकिन विभागीय अफसरों ने किसी भी हालत में पेड़ काटने से मना कर दिया है। इसके बाद अब एजेंसी को ऐसी नई डिजाइन तैयार करनी होगी, जिसमें सड़क चौड़ीकरण, लेफ्ट टर्न और ब्लैक स्पॉट सुधार पेड़ काटे बिना पूरे किए जा सकें। अधिकारियों के मुताबिक, यही वजह है कि पूरा प्रोजेक्ट फिर से सर्वे के दौर में चला गया है।
ये चौराहे सालों से हैं ‘जाम और हादसों’ के हॉट स्पॉट
भोपाल के ये चौराहे लंबे समय से ट्रैफिक जाम और सड़क हादसों के लिए बदनाम हैं। एक-एक मोड़ पर वाहनों की कतारें घंटों तक जाम का कारण बनती हैं। यही वजह है कि शहर में ट्रैफिक सुधार को लेकर बड़ा निर्णय लिया गया। इन्हीं परेशानियों को देखते हुए भोपाल सांसद आलोक शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट में बैठक हुई थी, जिसमें 27 चौराहा-तिराहों के सुधार कार्य पीडब्ल्यूडी को सौंपे गए थे।
इन 27 चौराहा-तिराहों पर होगा सुधार
भोपाल के जिन स्थानों पर ट्रैफिक सुधार होना है, उनमें शामिल हैं:
सुभाष नगर आरओबी जंक्शन से मैदामिल रोड
गोविंदपुरा तिराहा (बैठक ब्रिज उतार)
प्रभात चौराहा
रंगमहल चौराहा
माता मंदिर चौराहा
तरुण पुष्कर चौराहा
लालटेन तिराहा (लेफ्ट टर्न सुधार)
अल्पना तिराहा
भोपाल टॉकीज चौराहा
सिंधी कॉलोनी चौराहा
नादरा बस स्टैंड चौराहा
शाहजहांनाबाद चौराहा
जिंसी चौराहा
व्यापमं चौराहा
शिवाजी नगर चौराहा (1250 चौराहा)
महिला पॉलिटेक्निक से प्रगति चौराहा मार्ग
डीबी सिटी मॉल तिराहा
नेहरू नगर चौराहा
लिंक रोड-2 से रेडक्रॉस अस्पताल, तुलसी टॉवर 1250 चौराहा मार्ग
मंदाकिनी चौराहा (कोलार रोड)
बागमुगालिया चौराहा
मनीषा मार्केट तिराहा
परिहार चौराहा (ब्लैक स्पॉट व लेफ्ट टर्न)
गांधी पार्क तिराहा
काली मंदिर तिराहा (तलैया थाना)
बाबा नगर तिराहा
परिहार चौराहा (अशोका गार्डन)
शब्बन चौराहा
हाईकोर्ट की सख्ती के बाद बदली रणनीति
कंसल्टेंट एजेंसी ने शुरूआती रिपोर्ट में कई जगह पेड़ हटाने की सिफारिश की थी ताकि:
➡️ लेफ्ट टर्न सुधार
➡️ सड़क चौड़ीकरण
➡️ ब्लैक स्पॉट खत्म किए जा सकें
लेकिन हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद पेड़ काटने पर पूरी तरह रोक है। इसी कारण अब नया प्लान तैयार किया जा रहा है।
अब क्या बदलेगा डिजाइन में?
लेन मार्किंग
सिग्नल ऑप्टिमाइजेशन
मौजूदा जगह का बेहतर इस्तेमाल
सीमित सिविल वर्क
पेड़ों को बचाते हुए ट्रैफिक फ्लो बढ़ाना
नए ड्रॉइंग और डिजाइन तैयार होने के बाद अंतिम प्रेजेंटेशन अफसरों को दी जाएगी। इसके बाद ही निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

