शनिवार, 25 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

ऑनलाइन ट्रेडिंग के जाल में फंसे भोपाल के बुजुर्ग, 1.49 करोड़ रुपये लेकर साइबर ठग फरार

02 फ़र, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
ऑनलाइन ट्रेडिंग के जाल में फंसे भोपाल के बुजुर्ग, 1.49 करोड़ रुपये लेकर साइबर ठग फरार

ऑनलाइन ट्रेडिंग के जाल में फंसे भोपाल के बुजुर्ग, 1.49 करोड़ रुपये लेकर साइबर ठग फरार

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल से सामने आई यह कहानी हर उस इंसान को चौकन्ना करने वाली है जो ऑनलाइन निवेश के नाम पर मोटे मुनाफे का सपना देखता है। 77 साल के एक बुजुर्ग को साइबर ठगों ने फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म और टेलीग्राम ग्रुप के जरिए ऐसा झांसा दिया कि उनकी जिंदगी भर की कमाई देखते ही देखते उड़ गई। मामला सामने आने के बाद अब साइबर क्राइम ब्रांच भोपाल ने जांच शुरू कर दी है।


टेलीग्राम ग्रुप से शुरू हुआ जाल

पद्मनाथ नगर, वीटीसी हुजूर ऐशबाग निवासी दिनेश कुमार शुक्ला ने पुलिस को बताया कि 12 जून 2025 को उन्हें एक टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ा गया। ग्रुप में मौजूद लोग खुद को शेयर बाजार और ऑनलाइन ट्रेडिंग के एक्सपर्ट बता रहे थे और रोजाना भारी मुनाफे के दावे कर रहे थे। इन्हीं लोगों ने उन्हें लैंडप्राइम नाम की एक वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करवाया और कहा कि यहीं से निवेश करने पर तेजी से रिटर्न मिलेगा।


वेबसाइट पर दिखता रहा नकली मुनाफा

ठगों के कहने पर बुजुर्ग ने अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करना शुरू किया। वेबसाइट के डैशबोर्ड पर निवेश बढ़ता और मुनाफा जुड़ता हुआ दिखाया जाता रहा, जिससे उन्हें लगा कि उनका पैसा सुरक्षित है और सही जगह लगा है।


पैसे निकालने पर मांगे गए और रुपए

जब उन्होंने अपनी रकम निकालनी चाही तो ठगों ने टैक्स, प्रोसेसिंग फीस और अकाउंट वेरिफिकेशन के नाम पर और पैसे मांगने शुरू कर दिए। भरोसे में आए बुजुर्ग ने यूपीआई और आरटीजीएस के जरिए कुल 1 करोड़ 49 लाख 35 हजार 273 रुपये ट्रांसफर कर दिए।


साइट बंद, ग्रुप गायब

जैसे ही उन्होंने दोबारा पैसा निकालने की कोशिश की, वेबसाइट बंद हो गई और टेलीग्राम ग्रुप के एडमिन भी संपर्क से बाहर हो गए। तब जाकर उन्हें एहसास हुआ कि वे ठगी का शिकार हो चुके हैं।


26 बैंक खातों में पहुंची ठगी की रकम

जांच में सामने आया है कि यह पूरी रकम करीब 26 अलग-अलग बैंक खातों में भेजी गई। अब साइबर क्राइम ब्रांच तकनीकी जांच और बैंक रिकॉर्ड के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें