
भोपाल। मध्य प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों को बच्चों और महिलाओं के लिए अधिक प्रभावी सामुदायिक केंद्र बनाने की गतिविधियां चल रही हैं। इसी अभियान के तहत बैरागढ़ के आनंद टी. साहनी स्कूल में आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री सु निर्मला भूरिया शामिल हुईं।
कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कराई गई और उन्हें फूड बास्केट दी गईं। बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण भी हुआ, जबकि लंबे समय से सेवाएं दे रहीं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को सम्मानित किया गया।
पोषण के साथ प्रारंभिक शिक्षा और स्वास्थ्य पर जोर
मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों की भूमिका केवल पोषण आहार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है। बच्चों की शुरुआती शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और महिलाओं से जुड़े विषयों में भी इन केंद्रों की अहम भूमिका है।
उन्होंने कहा कि ‘आंगन मिलन सेवा’ के जरिए आंगनवाड़ी और स्थानीय समुदाय के बीच सहभागिता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि बच्चों और महिलाओं को अपने आसपास ही भरोसेमंद सहयोग मिल सके।
परिवार और समाज की भागीदारी को बताया जरूरी
मंत्री ने गर्भवती और धात्री माताओं की देखभाल में परिवार तथा समाज की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। सेवा संकल्प अभियान के जरिए सेवा, पोषण और सम्मान की भावना को समुदाय तक पहुंचाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
रामेश्वर शर्मा बोले- मां के भरोसे का केंद्र है आंगनवाड़ी
कार्यक्रम में विधायक रामेश्वर शर्मा भी मौजूद रहे। उन्होंने आंगनवाड़ी को मां के भरोसे से जुड़ा केंद्र बताया। रामेश्वर शर्मा ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य व प्रारंभिक शिक्षा के साथ गर्भवती और धात्री महिलाओं की देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से आंगनवाड़ी की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, पोषण प्रदर्शनी का अवलोकन
कार्यक्रम के दौरान बच्चों की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बच्चों की सेहत और पोषण संबंधी स्थिति का परीक्षण किया तथा स्वस्थ विकास के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच और संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी।
मंत्री निर्मला भूरिया ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई पोषण प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। यहां स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों, संतुलित आहार और मातृ एवं बाल पोषण से जुड़ी जानकारी प्रदर्शित की गई थी।
गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, फूड बास्केट का वितरण
कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म आयोजित की गई। मंत्री ने महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ मातृत्व और सुरक्षित प्रसव की कामना की।
गर्भवती महिलाओं को फूड बास्केट भी वितरित की गईं। इसके जरिए गर्भावस्था में पौष्टिक और संतुलित भोजन के महत्व का संदेश दिया गया।
25 साल से अधिक सेवा देने वालों का सम्मान
कार्यक्रम में 25 वर्ष से अधिक समय से कार्यरत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को सम्मानित किया गया। उन्हें पुष्पहार और शॉल देकर सम्मान दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का श्रवण भी किया गया। संदेश में सेवा, पोषण और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से महिला एवं बाल कल्याण को मजबूत करने की बात कही गई।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा समुदाय के सदस्य मौजूद रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

