गुरुवार, 11 जून 2026
Logo
Madhaya Pradesh

कलेक्टर सोमेश मिश्रा का एक और नवाचार, ‘आरोग्यम नर्मदापुरम जन स्वास्थ्य सेवा’, जानें- क्या है इसमें खास…

11 जून, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
कलेक्टर सोमेश मिश्रा का एक और नवाचार, ‘आरोग्यम नर्मदापुरम जन स्वास्थ्य सेवा’, जानें- क्या है इसमें खास…
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। नर्मदापुरम कलेक्टर सोमेश मिश्रा की ओर से जनहित को ध्यान में रखकर एक और नवाचार किया गया है। नर्मदापुरम जिले में ‘आरोग्यम नर्मदापुरम जन स्वास्थ्य सेवा’ शुरू की गई है। इस सेवा के तहत जिले के सभी ग्राम पंचायतों में जन स्वास्थ्य शिविर लगेंगे। इनमें 14 प्रकार की बीमारियों की जांच की जाएगी। निशुल्क उपचार की भी व्यवस्था होगी। 


कलेक्टर सोमेश मिश्रा के मुताबिक जिले की सभी 425 ग्राम पंचायतो में प्रति बुधवार और शनिवार को आरोग्यम नर्मदापुरम के अंतर्गत जन स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। आरोग्यम नर्मदापुरम का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक ग्राम पंचायत में और ब्लॉक स्तर पर जन स्वास्थ्य शिविर लगाकर नागरिकों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण करना है। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद यदि कोई व्यक्ति किसी बीमारी से पीड़ित पाया जाता है तो उसका समुचित उपचार निशुल्क दवाइयां देकर सुनिश्चित किया जाएगा। 


उप स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से जन स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे

जिले में 154 उप स्वास्थ्य केंद्र हैं, इनके माध्यम से जन स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। जन स्वास्थ्य शिविर में 14 प्रकार की जांच निशुल्क की जाएगी। इननमें सिकल सेल एनीमिया, खून (एचबी) की जांच, यूरीन एल्बुमिन की जांच, यूरिन शुगर जांच, ब्लड शुगर जांच, मलेरिया जांच, टाइफाइड जांच, खकार जांच, एचआईवी की जांच, सिफलिस की जांच, डेंगू की जांच, फाइलेरियासिस की जांच, हेपेटाइटिस बी की जांच एवं हेपेटाइटिस सी की जांच शामिल है।


जीरो से लेकर 5 वर्ष तक के बच्चों की भी होगी जांच 

जन स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओर से गर्भवती माता, महिलाओं की जांच की जाएगी। जीरो से लेकर 5 वर्ष तक के बच्चों की स्वास्थ्य की जांच की जाएगी। टीकाकरण से वंचित रह गए शेष बच्चों का टीकाकरण भी प्राथमिकता से कराया जाएगा। कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य की बारीकी से जांच की जाएगी। उच्च रक्तचाप एवं सिकलसेल एनीमिया की स्क्रीनिंग, किशोर बालक व बालिकाओं की जांच होगी। वृद्धजनों के स्वास्थ्य का परीक्षण, ओरल कैंसर व अंधत्व का परीक्षण भी किया जाएगा। टीबी कुष्ठ एवं मलेरिया तथा मेंटल हेल्थ का परीक्षण एवं जांच की जाएगी।


आयुष्मान कार्ड व आभा आईडी संबंधी सेवाएं भी कराई जाएंगी उपलब्ध 

कलेक्टर के मुताबिक शिविर में आयुष्मान कार्ड एवं आभा आईडी संबंधी सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविर के माध्यम से होने वाली विभिन्न जांचों से सिजेरियन मृत्यु पर प्राथमिकता से रोक लगेगी। साथ ही 8 ग्राम से कम हीमोग्लोबिन वाले महिला व पुरुषों की विशेष जांच की जाएगी। उनका प्राथमिकता से उपचार किया जाएगा। शिविर के माध्यम से 23 हजार माता व जीरो से एक वर्ष के 21 हजार बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही ढाई लाख बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण का लक्ष्य भी रखा गया है। यदि कोई व्यक्ति गंभीर रोग से पीड़ित पाया जाता है तो मेडिकल कॉलेज से संपर्क कर विशेषज्ञ चिकित्सकों को बुलाकर समुचित उपचार दिया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें जिले के बाहर के चिकित्सालय में रेफर किया जाएगा।


एलोपैथी दवा न लेने वालों को होम्योपैथी की दवा उपलब्ध कराई जाएगी

कई उम्र दराज व्यक्ति है जो एलोपैथी दवा नहीं लेते हैं उन्हें होम्योपैथी की दवा उपलब्ध कराई जाएगी, सभी जगह स्वास्थ्य विभाग की टीम गठित कर दी गई है। सभी स्वास्थ्य जन स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाएगा। सरपंच व सचिव ग्राम पंचायत में लगने वाले शिविर का स्थान चिन्हित करेंगे इसके साथ ही यह प्रयास किया जाएगा कि शिविर आरोग्य केंद्र में ही आयोजित किये जाए। 17 जून को जिला स्तर पर साथ में 18 जून को बनखेड़ी में वृहद स्तर पर जन स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा।


हर 15 दिन में मरीज का लिया जाएगा फालोअप

कलेक्टर सोमेश मिश्रा के मुताबिक जन स्वास्थ्य शिविर में मरीज को निशुल्क दवाइयां दी जाएंगी। आशा एवं एएनएम के द्वारा हर15 दिवस में फालोअप लिया जाएगा। प्रत्येक शिविर की मॉनिटरिंग के लिए जिला अधिकारी जाएंगे। आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से ग्रामों में आम जन समुदाय को शिविर में लाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। शिविर के रिकॉर्ड का संधारण सीएचओ, बीपीएम, बीसीएम के माध्यम से किया जाएगा।


शिविरों में पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराएं : माया नरोलिया

आरोग्यम नर्मदापुरम जन स्वास्थ्य शिविर के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुई राज्यसभा सांसद माया नरोलिया ने कहा कि जन स्वास्थ्य शिविर में जांच व दवाइयां निशुल्क मिलेगी। सभी जनप्रतिनिधि नागरिकों को जन स्वास्थ्य शिविर के बारे में अवगत कराएंगे।उन्होंने विशेष कर महिलाओं से अनुरोध किया कि वह आयोजित शिविरों में आकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराएं, इसमें किसी भी प्रकार का संकोच ना करें। बीमारी का पता चल जाने पर इलाज बेहतर हो जाता है। उन्होंने इस अनुपम और अनूठी पहल के लिए कलेक्टर सोमेश मिश्रा और उनकी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मां नर्मदा का किनारा सुख और समृद्धि का टापू है, अच्छे विचारों और अच्छे नवाचारों से हम एक बेहतर समाज का निर्माण कर सकते हैं।



पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें