
भोपाल। अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी के बड़े मुकाबलों की मेजबानी के लिए भोपाल तैयार है। 19 से 28 नवंबर तक शहर के अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एशियन वुमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 खेली जाएगी। मध्यप्रदेश को पहली बार इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है।
प्रतियोगिता में भारत, जापान, चीन, मलेशिया, कोरिया और थाईलैंड की टीमें हिस्सा लेंगी। करीब 150 खिलाड़ी खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। भारतीय टीम की कप्तानी मिडफील्डर सलीमा टेटे के हाथों में होगी।
सलीमा टेटे की कप्तानी में उतरेगी भारतीय टीम
हॉकी इंडिया ने मंगलवार को प्रतियोगिता के लिए भारतीय महिला टीम का ऐलान किया। सलीमा टेटे को टीम की कमान सौंपी गई है। जापान में पिछले महीने आयोजित एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारतीय टीम इस टूर्नामेंट के जरिए पहली बार अंतरराष्ट्रीय मैदान पर वापसी करेगी। मेजबान टीम का पहला मुकाबला 19 नवंबर को मलेशिया के खिलाफ होगा। भारत की कोशिश लगातार तीसरी और कुल चौथी बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम करने की होगी।
5 हजार दर्शकों की क्षमता, रोज होंगे तीन मुकाबले
अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में तैयार स्टेडियम की दर्शक क्षमता करीब 5 हजार होगी। यहां फ्लड लाइट के बीच डे-नाइट मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। टूर्नामेंट के प्रत्येक दिन तीन मैच खेले जाएंगे। हॉकी प्रेमियों के लिए अच्छी बात यह है कि स्टेडियम में सभी मैच देखने के लिए कोई टिकट नहीं लगेगा। प्रतियोगिता का प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और हॉटस्टार के माध्यम से 166 देशों में किया जाएगा।
मुख्यमंत्री और केंद्रीय खेल मंत्री करेंगे उद्घाटन
बुधवार को टीटी नगर स्टेडियम में खेल मंत्री विश्वास सारंग ने प्रतियोगिता के आधिकारिक लोगो और ट्रॉफी का अनावरण किया। कार्यक्रम में ट्रॉफी टूर की शुरुआत भी की गई। 11 से 19 नवंबर के बीच ट्रॉफी प्रदेश के सभी संभागों तक पहुंचेगी। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया करेंगे। इसी कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पहले चरण का लोकार्पण भी प्रस्तावित है।
मैदान पर हॉकी, परिसर में जनजातीय कला और खानपान
टूर्नामेंट के आयोजन को मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने की भी तैयारी है। अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जनजातीय व्यंजनों, हस्तशिल्प और लोककलाओं के स्टॉल लगाए जाएंगे। इनके जरिए प्रदेश की पारंपरिक खानपान संस्कृति और जनजातीय विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजन से मध्यप्रदेश में खेल संस्कृति और खेल पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
खेल मंत्री विश्वास सारंग के अनुसार, इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन से प्रदेश की खेल प्रतिभा, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन को वैश्विक मंच पर पहचान मिलेगी। उन्होंने नवंबर को हॉकी गतिविधियों के लिए समर्पित महीना बताया। टूर्नामेंट के दौरान भारतीय हॉकी टीम और मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी की टीम के बीच मैत्री मुकाबला भी होगा।
मध्यप्रदेश में हॉकी के लिए तैयार हो रहा बड़ा नेटवर्क
प्रदेश में नई हॉकी प्रतिभाओं को प्रशिक्षण देने के लिए खेल विभाग के अंतर्गत कई केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। मंत्री सारंग ने इनके आंकड़े साझा करते हुए बताया कि:
- 27 हॉकी फीडर सेंटर प्रदेश में संचालित हैं।
- 13 खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर भी काम कर रहे हैं।
- 22 एस्ट्रोटर्फ पर खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर रहे हैं।
- 7 नए एस्ट्रोटर्फ तैयार किए जा रहे हैं।
सारंग ने भोपाल को हॉकी की नर्सरी बताते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व कर पहचान बनाई है।
महिला हॉकी में मध्यप्रदेश के नाम 177 पदक
प्रदेश की महिला हॉकी खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अब तक कुल 177 पदक जीते हैं। इनमें अंतरराष्ट्रीय स्तर के 36 और राष्ट्रीय स्तर के 141 पदक शामिल हैं।
मध्यप्रदेश की महिला हॉकी खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 18 स्वर्ण, 11 रजत और 7 कांस्य पदक सहित कुल 36 पदक जीते हैं। राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उनका प्रदर्शन और भी बेहतर रहा है। यहां खिलाड़ियों ने 74 स्वर्ण, 34 रजत और 33 कांस्य पदक हासिल किए हैं। इस तरह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की महिला हॉकी खिलाड़ियों के नाम कुल 177 पदक दर्ज हैं।
जापान में आयोजित एशियन गेम्स-2026 में मध्यप्रदेश की तीन महिला हॉकी खिलाड़ियों ने भारतीय टीम का हिस्सा रहते हुए स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी की सात महिला खिलाड़ी ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। भोपाल में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी प्रदेश के लिए अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन के साथ अपनी महिला हॉकी प्रतिभाओं को सामने लाने का अवसर भी होगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

