मंगलवार, 15 सितंबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

राज्य स्तरीय अभियंता दिवस समारोह में सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा- अभियंताओं के नवाचार से बनेगा विकसित मध्यप्रदेश

15 सित, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
राज्य स्तरीय अभियंता दिवस समारोह में सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा- अभियंताओं के नवाचार से बनेगा विकसित मध्यप्रदेश
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत की प्राचीन स्थापत्य और तकनीकी विरासत आज भी आधुनिक अभियंताओं को नए प्रयोगों की प्रेरणा देती है। अभियंता अपनी तकनीकी दक्षता, प्रतिभा और नवाचार से विकास की संभावनाओं को धरातल पर उतारते हैं। नई सड़क या अधोसंरचना केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास का नया द्वार खोलती है।


भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में मंगलवार को आयोजित राज्य स्तरीय अभियंता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने महान अभियंता भारत रत्न सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रदेश के अभियंताओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विश्वेश्वरैया का जीवन तकनीकी दक्षता, दूरदृष्टि और राष्ट्रसेवा के माध्यम से देश के विकास को नई दिशा देने का उदाहरण है।


इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग और सीएसआईआर-एम्प्री भोपाल के बीच टिकाऊ अधोसंरचना निर्माण को लेकर एमओयू का आदान-प्रदान हुआ। मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के पिछले 10 वर्षों के सर्कुलर्स के संकलन का भी विमोचन किया। प्रमुख सचिव लोक निर्माण सुखवीर सिंह ने बताया कि सड़क सुरक्षा के उपायों और विशेषज्ञों के सुझावों से पिछले नौ माह में ब्लैक स्पॉट के कारण होने वाली दुर्घटनाओं में तुलनात्मक कमी आई है।


समारोह में एमपीआरडीसी के प्रबंध संचालक भरत यादव, मध्यप्रदेश भवन विकास निगम के प्रबंध संचालक सिबि चक्रवर्ती एम., सीएसआईआर-एम्प्री के निदेशक डॉ. थल्लाडा भास्कर सहित वरिष्ठ अधिकारी, अभियंता, सेवानिवृत्त अभियंता और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


पांच श्रेणियों में उत्कृष्ट अभियंताओं का सम्मान

मुख्यमंत्री ने समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अभियंताओं, अधिकारियों, संयुक्त दलों और निर्माण एजेंसियों को पांच श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए। मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया, विश्वकर्मा, विक्रमादित्य, रानी दुर्गावती पर्यावरण हितैषी और राजा भोज पुरस्कार के माध्यम से निर्माण गुणवत्ता, तकनीकी नवाचार, पर्यावरण संरक्षण और जनहित के कार्यों को प्रोत्साहित किया गया।


नई तकनीक और अनुसंधान को बढ़ावा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीमेंटरहित कंक्रीट सहित पर्यावरण अनुकूल निर्माण सामग्री और आधुनिक तकनीकों पर हो रहे प्रयोगों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अभियंता निर्भय होकर जनहित में नवाचार करें, सरकार हर सकारात्मक पहल में उनके साथ है। विकसित भारत और विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण में अभियंताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।


अभियंता मध्यप्रदेश की विकास यात्रा के निर्माता: राकेश सिंह

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि अभियंता मध्यप्रदेश की विकास यात्रा के निर्माता हैं। विभाग की कार्य-संस्कृति में अनुसंधान, अनुशासन और परफेक्शन को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शुरू किए गए कई नवाचारों को अन्य राज्यों ने भी अपनाया है। पिछले नौ माह में विभाग के 85 प्रतिशत से अधिक अभियंताओं को देश के चार प्रमुख इंजीनियरिंग प्रशिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षण दिया गया है।


ग्रीन बिल्डिंग और सीमेंटरहित सड़क निर्माण पर जोर

मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा घोषित इंजीनियरिंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। सीएसआईआर-एम्प्री के साथ हुए समझौते से सीमेंट के बिना कंक्रीट सड़क निर्माण की तकनीक विकसित करने में मदद मिलेगी। प्रदेश में बनने वाले सरकारी भवनों को ग्रीन बिल्डिंग तकनीक से तैयार करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।


निर्माण एजेंसियों और अधिकारियों को पुरस्कार

समारोह में मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया पुरस्कार से एमपीआरडीसी भोपाल के संभागीय प्रबंधक ईश्वर सिंह चंदेली, मध्यप्रदेश भवन विकास निगम जबलपुर के उप महाप्रबंधक मानवेंद्र सिंह सेंगर, पीडब्ल्यूडी जबलपुर के कार्यपालन यंत्री मनीष कुमार शर्मा और पीडब्ल्यूडी संधारण संभाग-2 भोपाल के प्रभारी एसडीओ एचएन त्रिपाठी को सम्मानित किया गया। 


.  विश्वकर्मा पुरस्कार विभिन्न निर्माण एजेंसियों को, विक्रमादित्य पुरस्कार एमपीआरडीसी ग्वालियर और पीडब्ल्यूडी सागर के संयुक्त दलों को दिया गया। 

. रानी दुर्गावती पर्यावरण हितैषी पुरस्कार पीडब्ल्यूडी श्योपुर के कार्यपालन यंत्री पुष्कल प्रताप और राजा भोज पुरस्कार एमपी भवन विकास निगम तथा पीडब्ल्यूडी के संयुक्त दलों को प्रदान किया गया।



पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें