गुरुवार, 18 जून 2026
Logo
Madhaya Pradesh

मोबाइल का मोह फंसा देगा, मोहन से प्रेम तार देगा: देवकीनंदन ठाकुर

18 जून, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
मोबाइल का मोह फंसा देगा, मोहन से प्रेम तार देगा: देवकीनंदन ठाकुर
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। 'जब मोबाइल चार्ज किए बिना नहीं चलती तो जिंदगी कैसे चलेगी। मोबाइल का मोह फंसा सा देगा और मोहन से प्रेम तार देगा।' ये उदगार प्रख्यात कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर महाराज ने गुरुवार को बावड़िया कला के रुद्राक्ष किंगस्टन परिसर में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में व्यक्त किए।

 

महाराज जी ने कहा कि सभी सनातनी को नियमित रूप से श्रीमद् भागवत कथा सुनकर खुद को चार्ज करना चाहिए। जो यह काम करेगा, वह कभी डिप्रेशन में नहीं जाएगा। भगवान की भक्ति से अपने दिमाग को चार्ज कर लेंगे तो लाइफ पावरफुल हो जाएगी। शालिग्राम डेवलपर्स रुद्राक्ष किंग्सटन के सहयोग से आयोजित कथा के छठवें दिन महाराज जी ने रास पंचाध्यायी, श्रीउद्धव चरित्र, रुक्मिणी विवाह का प्रसंग सुनाया।


कथा आयोजक और यजमान शालिग्राम डेवलपर्स के सीएमडी देवेंद्र चौकसे, संगीता चौकसे ने परिवार सहित भागवत जी की आरती की। मध्य प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, पंजाब-चंडीगढ़ और त्रिपुरा पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, बाबा नीब करौरी के नाती डॉ. धनंजय शर्मा, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता दुर्गेश केसवानी, नेशनल चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष गोविंद गोयल आदि कथा में शामिल हुए। 


एक दिना भोले भंडारी बनके ब्रज की नारी...

कथा के दौरान देवकीनंदन ठाकुर के गाए भजनों 'एक दिना भोले भंडारी बनके ब्रज की नारी, वृंदावन आ गए हैं...', 'तेरे नैना बड़े रसीले, मोटे-मोटे बड़े कटीले...', 'करके इशारो बुलाए गई रे बरसाने की छोरी', ' राधा हमारी गोरी-गोरी, चंद्र किशोरी... ' भजनों पर श्रोताओं ने भक्ति में लीन होकर खूब नृत्य किया। 


श्रीकृष्ण-रुक्मणी जी की अनुपम छवि ने मन मोहा 

श्रीकृष्ण-रुक्मणी जी के विवाह के प्रसंग में युगल छवि अनुपम झांकी देख आनंद विभोर हो गए। घोड़े पर विराजमान होकर द्वारकाधीश और बग्घी पर सवार हो रुक्मणी जी के स्वरूप मंच पर पहुंचे तो लोग अपलक निहारत रहे। विवाह की सुंदर झांकी के दर्शन हुए। यजमान चौकसे परिवार ने कन्या पूजन किया। 


कामदेव का मान मर्दन करने के लिए भगवान ने किया रास

रास पंचाध्यायी के प्रसंग के दौरान महाराज जी ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने कामदेव का मान मर्दन करने के लिए रास किया। उन्होंने कहा कि बॉलीवुड वालों ने रास को फिल्मों में गलत तरीके से प्रस्तुत किया। जिसका खुद का कैरेक्टर ढीला है, वह रास पर फिल्म बनाते हैं। 


प्रेमी कभी अपना प्रेम नहीं बदलता

गिरिराज महाराज के प्रसंग में महाराज जी ने कहा प्रेमी कभी अपना प्रेम नहीं बदलता। जो बार-बार प्रेम बदलता है वह सौदागर होता है। जिसकी पूजा करते हो उस पर ईमानदारी से विश्वास करो। जो भटकते हैं वह भटकते रह जाते हैं। कन्हैया के एक बार कहने पर बृजवासियों ने इंद्र की पूजा बंद कर दी थी। 


ठाकुर जी को अभियान प्रिय नहीं

महाराज ने कहा कि ठाकुर जी को अभियान प्रिय नहीं है। धन, परिवार, ज्ञान, यश, बल का होना बड़ी बात नहीं है। यह सब होने के बाद भी अभिमान नहीं होना बड़ी बात है। कई लोग विनम्र होने का दिखावा करते हैं। विनम्र दिखना नहीं है, विनम्र होना है। जो विनम्र हो जाता है, उसे ठाकुर जी हृदय से लगा लेते हैं। उन्होंने भजन सुनाया ' किया अभिमान तो फिर मान नहीं पाएगा...।'


भगवान बिना साधना के नहीं मिलते 

देवकीनंदन ठाकुर महाराज ने कहा भगवान बिना साधना के नहीं मिलते। यदि आप महीने में दो बार एकादशी का व्रत करने लगे तो भी भगवान मिल जाएंगे। व्रत का उद्देश्य सिर्फ ठाकुर जी के दर्शन होना चाहिए। उन्होंने भजन सुनाया ' जापे कृपा करे श्री राधा, मिट जाए वाकी सबरी बाधा। 


घर की रसोई में बने पकवान का ही लगाएं भोग 

महाराज जी ने कहा कि ठाकुर जी को घर की रसोई में बनी मिठाई या अन्य पकवान का ही भोग लगाएं। आपके जीवन में मिठास आ जाएगी। हवाई के घर बनी मिठाई का भोग लगाएंगे तो उसे ही मिठास प्राप्त होगी। 


सोशल मीडिया पर कथावाचकों को बदनाम करने का चलन 

महाराज जी ने कहा कि आजकल सोशल मीडिया कथावाचकों को बदनाम करने का चलन है। यह बताते हैं कि कथावाचक कितना पैसा लेते हैं, पर वह क्या देते हैं यह नहीं बताते। पैसा कितना भी आए खर्च हो जाएगा पर कथावाचक को सुनकर किसी को ठाकुर जी से प्रीत हो गई तो उसकी क्या कीमत लगाई जा सकती है। 


कथा में कल

देवकी नंदन ठाकुर महाराज 19 जून को सुबह 9:00 से दोपहर 12:00 बजे तक कथा का रसपान कराएंगे। दोपहर एक से शाम 6:00 बजे तक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजक देवेंद्र चौकसे, संगीता चौकसे, वीरेंद्र चौकसे, अनीता चौकसे और समस्त शालिग्राम परिवार ने श्रद्धालुओं से कथा में शामिल होने का आग्रह किया है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें