मंगलवार, 14 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

पंचायत स्तर पर ऑडिट प्रक्रिया होगी अधिक पारदर्शी और सरल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लॉन्च किया ‘दृष्टि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म’

14 जुल, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
पंचायत स्तर पर ऑडिट प्रक्रिया होगी अधिक पारदर्शी और सरल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लॉन्च किया ‘दृष्टि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म’
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को मंत्रालय में कैबिनेट की बैठक के दौरान पंचायत स्तर पर ऑडिट प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के लिए विकसित ‘दृष्टि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म’ लॉन्च किया। साथ ही पंचायत दर्पण पोर्टल पर पेमेंट गेटवे की सुविधा का भी शुभारंभ किया गया। 


केंद्रीय वित्त आयोग से प्राप्त होने वाले अनुदान की राशि के लिए त्रिस्तरीय पंचायतों के समयबद्ध ऑडिट की अनिवार्यता है। भारत के महालेखाकार के निर्देशन में पंचायती राज संचालनालय की ओर से एनआईसी के तकनीकी सहयोग से ऑनलाइन ऑडिट के लिए ‘दृष्टि’ नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म विकसित किया गया है। इस प्लेटफॉर्म पर जाकर ऑडिटर अपने घर या ऑफिस से किसी भी पंचायत के सभी प्रकार के आय व्यय सम्बन्धी अभिलेख देख सकते हैं तथा उनकी जांच कर सकते हैं। 


यह ऑडिट प्रक्रिया प्रदेश की 23,011 ग्राम पंचायतों के वित्तीय ऑडिट को तेज, सरल एवं पारदर्शी बनाएगी। इसके उपयोग से सीमित कर्मचारियों द्वारा भी समस्त पंचायतों का ऑडिट समय पर किया जा सकेगा। इस प्रणाली के क्रियान्वयन से समय और संसाधनों की बचत के साथ वित्तीय जवाबदेही और सुशासन को मजबूती मिलेगी।


पंचायतें नागरिकों के बिल जेनरेट कर सकेंगी

मुख्यमंत्री की ओर से पंचायत दर्पण पोर्टल पर शुरू किए गए पेमेंट गेटवे को पंचायत राज संचालनालय ने एनआईसी, जल निगम व यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया के सहयोग से विकसित किया है। इसके माध्यम से पंचायतें नागरिकों के बिल जेनरेट कर सकेंगी। गेटवे पर कोई भी नागरिक बिल का पेमेंट घर बेठे कर सकता है और ऑनलाइन ही रसीद भी प्राप्त कर सकता है। इससे लोगों के श्रम और समय दोनों की बचत होगी। पंचायत का अभिलेख भी खुद ही निर्मित होता चला जाएगा। सेवाओं में पारदर्शिता और कार्यों का समयबद्ध निस्तारण होगा। इन नवाचारों से विभागीय प्रक्रियाओं में जवाबदेही अधिक होने के साथ ही सुशासन को बढ़ावा भी मिलेगा।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें