
भोपाल। शहर की पहली मेट्रो लाइन – ऑरेंज लाइन के प्रायोरिटी कॉरिडोर पर अब सुभाषनगर से एम्स तक मेट्रो दौड़ने लगी है। हर रोज 17 ट्रिप हो रही हैं और सिर्फ 2 दिन में ही 10 हजार से ज्यादा लोग इस सफर का मजा ले चुके हैं।
भोपाल बना देश का 26वां मेट्रो सिटी
20 दिसंबर को भोपाल देश का 26वां मेट्रो शहर बना। 21 दिसंबर से कमर्शियल रन शुरू हुआ और अब तक कुल 34 ट्रिप (17 प्रतिदिन) सुभाषनगर से एम्स के बीच पूरी हो चुकी हैं। भोपाल में कुल दो रूट – ऑरेंज लाइन और ब्लू लाइन पर काम चल रहा है, जिनकी कुल लंबाई 30.9 किलोमीटर है।
ऑरेंज लाइन फेस-1: एम्स से सुभाषनगर तक
ऑरेंज लाइन का फेस-1 प्रायोरिटी कॉरिडोर है, जहां मेट्रो का संचालन शुरू हो चुका है। इस 6.22 किलोमीटर लंबे रूट पर कुल 8 स्टेशन हैं – सुभाषनगर, केंद्रीय स्कूल, डीबी मॉल, एमपी नगर, रानी कमलापति, डीआरएम ऑफिस तिराहा, अलकापुरी और एम्स।
20 दिसंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल खट्टर ने हरी झंडी दिखाकर मेट्रो का उद्घाटन किया। 21 दिसंबर से इसका कमर्शियल रन शुरू हो गया।
ऑरेंज लाइन फेस-2: सुभाषनगर से करोंद तक
अब पूरा फोकस सेकेंड फेज पर है। इस फेस में सुभाषनगर से करोंद तक 9.74 किलोमीटर लंबा रूट बनेगा, जिसमें से 8.77 किलोमीटर पर मेट्रो दौड़ेगी।
एलिवेटेड हिस्सा
लंबाई: 5.38 Km
स्टेशन: 6 – पुल बोगदा, ऐशबाग, सिंधी कॉलोनी, डीआईजी बंगला, कृषि उपज मंडी, करोंद चौराहा
लागत: 650 करोड़ रुपए
अंडरग्राउंड हिस्सा
लंबाई: 3.39 Km
स्टेशन: भोपाल रेलवे स्टेशन और नादरा बस स्टैंड
लागत: 890 करोड़ रुपए
इस हिस्से में पहले अतिक्रमण और आरा मशीन जैसी दिक्कतें थीं, लेकिन अधिकांश अड़चनें दूर कर ली गई हैं। भोपाल रेलवे स्टेशन के बाद अंडरग्राउंड टर्मिनल बनाने वाली मशीनें लाई जाएंगी, जिसके लिए जमीन समतल कर दी गई है।
ब्लू लाइन: भदभदा से रत्नागिरी तक
भोपाल की दूसरी बड़ी मेट्रो लाइन – ब्लू लाइन भदभदा चौराहा से रत्नागिरी तिराहा तक बनेगी। इसकी कुल लंबाई करीब 13 Km होगी और इस पर 14 स्टेशन प्रस्तावित हैं।
सॉयल टेस्टिंग: 550 स्थानों पर
लागत: करीब 1006 करोड़ रुपए
स्टेशनों में एक स्टेशन कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर (KTCC) के सामने भी बनेगा।
पुल बोगदा बनेगा इंटरचेंज हब
ब्लू लाइन और ऑरेंज लाइन का इंटरचेंज पुल बोगदा पर बनेगा। यहीं से यात्री एक मेट्रो से उतरकर दूसरी मेट्रो में सफर कर सकेंगे। इस सेक्शन पर काम शुरू हो चुका है और रास्ता डायवर्ट कर दिया गया है।
ब्लू लाइन के स्टेशन कौन-कौन से होंगे?
भदभदा चौराहा, डिपो चौराहा, जवाहर चौक, रोशनपुरा चौराहा, केटीसीसी, परेड ग्राउंड, प्रभात चौराहा, गोविंदपुरा, गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र, जेके रोड, इंद्रपुरी, पिपलानी और रत्नागिरी तिराहा।
कब मिलेगा करोंद से एम्स तक पूरा सफर?
फिलहाल मेट्रो सुभाषनगर से एम्स तक 6.22 किलोमीटर के प्रायोरिटी कॉरिडोर पर चल रही है। सेकेंड फेज पूरा होते ही करोंद से एम्स तक कुल 16.74 Km का सफर भोपालवासी मेट्रो से कर सकेंगे। इसी पर अब पूरा फोकस है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

