
बालाघाट। मध्यप्रदेश पुलिस इन दिनों हेलमेट न लगाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है। आम लोगों पर चालान की कार्रवाई तो हो ही रही है, लेकिन जब बालाघाट में वर्दी पहने एक पुलिस आरक्षक खुद बिना हेलमेट के बाइक चलाते पकड़ा गया, तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वीडियो वायरल होने के बाद एसपी आदित्य मिश्रा ने आरक्षक को तुरंत सस्पेंड कर दिया।
वीडियो वायरल, विभागीय कार्रवाई त्वरित
बालाघाट के आरक्षक ईश्वरदयाल कोल्हे वर्दी में बिना हेलमेट के शासकीय दोपहिया वाहन MP 03/9183 चलाते नजर आए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोग पुलिस पर सवाल उठाने लगे। मामला गंभीर मानते हुए एसपी आदित्य मिश्रा ने उन्हें निलंबित कर दिया। जारी आदेश में लिखा गया, “आरक्षक का बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चलाना न सिर्फ विभागीय आदेशों की अवहेलना है, बल्कि स्वयं के जीवन को जोखिम में डालने के साथ पुलिस की छवि को भी धूमिल करता है। इसलिए आरक्षक ईश्वरदयाल कोल्हे को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है।” आरोपी आरक्षक उप पुलिस अधीक्षक (महिला सुरक्षा), बालाघाट के अधीन चालक के रूप में पदस्थ था।
हेलमेट अभियान में पहले भी हो चुकी बड़ी कार्रवाई
बालाघाट में 1 नवंबर से विशेष हेलमेट चैकिंग अभियान चल रहा है। इसी दौरान पहले ही दिन SP आदित्य मिश्रा और पूर्व विधायक उमाशंकर मुंजारे के बीच हुई बहस का वीडियो भी वायरल हुआ था। एसपी ने पूर्व विधायक की बाइक रोककर 2300 रुपये का चालान काट दिया था, और जब मुंजारे ने चालान नहीं भरा, तो एसपी ने बाइक जब्त कर थाने भेज दी थी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

