शनिवार, 12 सितंबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

2 माह के राशन के लिए लगवाए अंगूठे, मिला सिर्फ 1 माह का राशन; वीडियो वायरल होते ही पहुंचा सहायक विक्रेता

12 सित, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
2 माह के राशन के लिए लगवाए अंगूठे, मिला सिर्फ 1 माह का राशन; वीडियो वायरल होते ही पहुंचा सहायक विक्रेता
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

रिपोर्ट: अतुल जैन 

शिवपुरी के बामौरकलां में शासकीय उचित मूल्य दुकान पर राशन वितरण को लेकर हितग्राहियों ने गड़बड़ी का आरोप लगाया है। आरोप है कि 2-2 माह के राशन के लिए अंगूठे लगवाने के बाद केवल 1-1 माह का राशन दिया गया, जिसके विरोध में हितग्राहियों ने दुकान पर पहुंचकर प्रदर्शन किया।


मामला सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद सामने आया। इसके बाद सहायक विक्रेता धर्मेंद्र लोधी दुकान पर पहुंचे और हितग्राहियों को बचा हुआ राशन वितरित किया। खाद्य विभाग ने दुकान के पोर्टल रिकॉर्ड की जांच की है और सेल्समैन व सहायक विक्रेता को नोटिस देने की बात कही है।


तीन दिन दुकान बंद मिलने से बढ़ा विवाद

बामौरकलां आदिवासी बस्ती के 40 से अधिक हितग्राही अपने पंच गब्बर सिंह यादव के साथ उचित मूल्य दुकान पहुंचे थे। हितग्राहियों का कहना था कि अंगूठे लगवाने के बाद उन्हें एक माह का राशन ही मिला था।


शेष राशन बाद में देने का आश्वासन दिया गया था। इसी उम्मीद में हितग्राही लगातार तीन दिनों तक दुकान पहुंचे, लेकिन दुकान बंद मिली और उन्हें बिना राशन लिए लौटना पड़ा।


11 सितंबर को दुकान पर जताया विरोध

11 सितंबर को हितग्राही दोबारा दुकान पहुंचे। उन्होंने दुकान पर बैठकर विरोध दर्ज कराया। पंच गब्बर सिंह यादव ने इस दौरान वीडियो बनवाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।


वीडियो सामने आने के बाद सहायक विक्रेता धर्मेंद्र लोधी राशन बांटने पहुंचे। इसके बाद हितग्राहियों को उनका बचा हुआ राशन दे दिया गया।


पोर्टल रिकॉर्ड में 7, 8 और 9 सितंबर की एंट्री

पिछोर के कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी गौरव कदम के अनुसार, हितग्राहियों के अंगूठे एक दिन पहले लगाए गए थे और शुक्रवार को राशन का वितरण कर दिया गया।


दुकान के पोर्टल रिकॉर्ड की जांच में 10 सितंबर को कोई ट्रांजेक्शन नहीं मिला। वहीं 7, 8 और 9 सितंबर को एक-एक ट्रांजेक्शन दर्ज मिला।


सेल्समैन और सहायक विक्रेता को नोटिस

जेएसओ गौरव कदम ने कहा कि मामले को लेकर सेल्समैन और सहायक विक्रेता को नोटिस जारी किया जाएगा। पोर्टल पर उपलब्ध रिकॉर्ड को भी जांच के दायरे में लिया गया है।


बामौरकलां में सामने आया यह मामला ऐसे समय में सामने आया है, जब कोलारस और पोहरी क्षेत्र में PDS राशन वितरण में धांधली के मामलों में FIR दर्ज हो चुकी है।


जिला आपूर्ति अधिकारी ने जांच की बात कही

जिला आपूर्ति अधिकारी शिवपुरी तुलेश्वर कुरें ने कहा कि राशन के संबंध में जेएसओ कदम दुकान पर गए थे। यदि पहले हितग्राहियों के अंगूठे लगवाए गए थे और राशन बाद में वितरित किया गया है, तो मामले की जांच कराई जाएगी।


तुलेश्वर कुरें, जिला आपूर्ति अधिकारी शिवपुरी ने कहा कि पूरे घटनाक्रम की स्थिति जांच के बाद स्पष्ट होगी।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें