
भोपाल। बैंकिंग से जुड़े जरूरी काम के लिए 23 से 25 सितंबर तक का समय अहम है। इसके बाद शनिवार-रविवार की छुट्टी के साथ 28 से 30 सितंबर तक बैंक कर्मचारियों की हड़ताल रहेगी।
लगातार छुट्टियों और हड़ताल के कारण कैश जमा-निकासी, चेक क्लियरेंस सहित कई सेवाओं पर असर पड़ सकता है। बैंक यूनियनें 5 दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रही हैं।
5 दिन क्यों प्रभावित हो सकता है बैंकिंग कामकाज?
26 और 27 सितंबर को शनिवार-रविवार की छुट्टी रहेगी। इसके बाद 28, 29 और 30 सितंबर को बैंककर्मियों की हड़ताल प्रस्तावित है।
इस अवधि में बैंकिंग सेवाओं का संचालन प्रभावित होने की आशंका है। इससे पहले भी 11, 12 और 13 सितंबर को हड़ताल और छुट्टियों के चलते बैंकिंग कामकाज प्रभावित रहा था।
हर शनिवार छुट्टी की मांग
अभी बैंक कर्मचारियों को महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश मिलता है। यूनियनों की मांग है कि यह व्यवस्था बदलकर प्रत्येक शनिवार को छुट्टी घोषित की जाए। इसके बदले सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना कामकाज का समय 40 मिनट बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया है।
UFBU की 5-डे वीक के साथ स्केल-IV की मांग
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस यानी UFBU ने 5 दिवसीय बैंकिंग सप्ताह के साथ स्केल-IV लागू करने की मांग भी उठाई है। यूनियनों ने 27 अगस्त को देशव्यापी प्रदर्शन का आह्वान किया था। इसके बाद आंदोलन को अलग-अलग चरणों में आगे बढ़ाने की बात कही गई है, जिसमें तीसरे चरण में अनिश्चितकालीन राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल शामिल है।
यूनियन ने सरकार पर लगाया मांग लंबित रखने का आरोप
UFBU के को-ऑर्डिनेटर वीके शर्मा के मुताबिक 5-डे बैंकिंग वीक की मांग पर सरकार की ओर से अब तक सकारात्मक जवाब नहीं मिला है। उनके अनुसार इस मुद्दे पर कई दौर की बैठक हो चुकी हैं, लेकिन मांग लंबित रहने के कारण यूनियनों ने विरोध का रास्ता अपनाया है।
हड़ताल से पहले आज बैंककर्मियों का धरना
हड़ताल के पहले बैंककर्मी बुधवार को धरना प्रदर्शन करेंगे। यह कार्यक्रम दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगा। धरना सरकारी प्रेस क्षेत्र में पंजाब नेशनल बैंक के सामने होगा। इसमें संगठन के पदाधिकारी और बैंक कर्मचारी शामिल होंगे।
बैंक ग्राहकों के लिए जरूरी तारीखें
23 सितंबर: धरना, दोपहर 3 से शाम 6 बजे।
23-25 सितंबर: जरूरी बैंकिंग काम निपटाने के लिए तीन कार्यदिवस।
26-27 सितंबर: शनिवार-रविवार की छुट्टी।
28-30 सितंबर: बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल।
11-13 सितंबर: इससे पहले भी हड़ताल और छुट्टियों से बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हुई थीं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

