
भोपाल। मध्यप्रदेश के मालवा क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़नगर के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। अब बड़नगर को इंदौर-उज्जैन मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र में शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही शहर और आसपास के इलाकों के विकास के लिए 150 करोड़ रुपये की राशि देने की घोषणा की गई है। नई सड़क परियोजना और कनेक्टिविटी बढ़ने से बड़नगर क्षेत्र को आर्थिक और धार्मिक दृष्टि से भी बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है।
इंदौर-उज्जैन मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र में शामिल होगा बड़नगर
मुख्यमंत्री निवास पर पहुंचे बड़नगर विधानसभा क्षेत्र के लोगों से मुलाकात के दौरान सीएम मोहन यादव ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि इंदौर-उज्जैन मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र के विस्तार में अब बड़नगर को भी शामिल किया जाएगा, जिससे शहर के समग्र विकास को नई गति मिलेगी। सरकार द्वारा बड़नगर के विकास के लिए 150 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा।
व्यायामशालाओं और गोशालाओं को भी मिलेगी सहायता
- मुख्यमंत्री ने स्थानीय स्तर पर खेल और सामाजिक संस्थाओं को प्रोत्साहन देने की भी घोषणा की।
- क्षेत्र की व्यायामशालाओं को एक-एक लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।
- गोशालाओं को नरवाई प्रबंधन के लिए मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से अंश राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
इन योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सामाजिक गतिविधियों को मजबूत करना है।
नई सड़क से रतलाम की दूरी होगी 40 किमी कम
मुख्यमंत्री ने बताया कि नायीखेड़ी-नागदा-रतलाम मार्ग की स्वीकृति क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। इस नए मार्ग के बनने से बड़नगर और उज्जैन की रतलाम से कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि अब उज्जैन और बड़नगर तीन प्रमुख मार्गों से रतलाम से जुड़ेंगे। गंभीर डैम के पास से नागदा होते हुए बनने वाला नया 2-लेन मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा। इस सड़क के बनने से रतलाम तक की दूरी करीब 40 किलोमीटर कम हो जाएगी, जिससे यात्रा का समय भी घटेगा।
सिंहस्थ-2028 के लिए भी अहम परियोजना
सीएम मोहन यादव ने कहा कि यह नया मार्ग सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए भी बेहद महत्वपूर्ण है। अभी रतलाम से उज्जैन आने वाले श्रद्धालु बदनावर-बड़नगर मार्ग से यात्रा करते हैं, जिसकी लंबाई लगभग 115 किलोमीटर है। प्रस्तावित नया मार्ग करीब 74 किलोमीटर लंबा होगा, जिससे यात्रा आसान और तेज हो जाएगी तथा मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा।
गुजरात और राजस्थान से भी मजबूत होगी कनेक्टिविटी
मुख्यमंत्री ने बताया कि उज्जैन में प्रस्तावित विमानतल (एयरपोर्ट) का लाभ भी बड़नगर क्षेत्र को मिलेगा। आने वाले समय में रतलाम के साथ-साथ राजस्थान और गुजरात से भी इस क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, जिससे व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
किसानों के लिए भी राहत: गेहूं खरीदी 2625 रुपये में
इंदौर में पत्रकारों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए भी अहम घोषणा की। उन्होंने बताया कि सरकार 2585 रुपये MSP पर गेहूं खरीदेगी और इसके साथ 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस भी देगी। इस तरह किसानों से गेहूं की खरीदी 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी। इसके अलावा किसानों की सुविधा को देखते हुए पंजीयन की अंतिम तिथि 7 मार्च से बढ़ाकर 10 मार्च कर दी गई है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

