सोमवार, 27 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

इंदौर वनडे से पहले महाकाल की शरण में पहुंचे विराट कोहली, कुलदीप यादव और कोचिंग स्टाफ, भस्म आरती में लिया आशीर्वाद

17 जन, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
इंदौर वनडे से पहले महाकाल की शरण में पहुंचे विराट कोहली, कुलदीप यादव और कोचिंग स्टाफ, भस्म आरती में लिया आशीर्वाद

इंदौर वनडे से पहले महाकाल की शरण में पहुंचे विराट कोहली, कुलदीप यादव और कोचिंग स्टाफ, भस्म आरती में लिया आशीर्वाद

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

उज्जैन। भारत और न्यूजीलैंड के बीच निर्णायक वनडे मुकाबले से ठीक पहले टीम इंडिया के सितारे अध्यात्म के रंग में नजर आए। इंदौर में होने वाले तीसरे मैच से पहले विराट कोहली और कुलदीप यादव उज्जैन के महाकाल मंदिर पहुंचे और भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया। खिलाड़ियों की यह भक्ति देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गई।


कोचिंग स्टाफ भी पहुंचा महाकाल दरबार

शनिवार सुबह भारतीय टीम के कोच गौतम गंभीर और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक भी महाकाल मंदिर पहुंचे थे। उनके साथ केएल राहुल सहित टीम के कई अन्य सदस्य भी दर्शन करने आए। खिलाड़ियों का कहना है कि व्यस्त शेड्यूल के बीच महाकाल के दर पर आकर अलग ही सुकून मिलता है।


भस्म आरती में दिखे विराट–कुलदीप

ताजा क्रम में विराट कोहली, कुलदीप यादव और फील्डिंग कोच टी दिलीप भस्म आरती में शामिल हुए। दोनों खिलाड़ियों ने विधिवत पूजन कर भगवान शिव की आराधना की। मंदिर परिसर में करीब दो घंटे तक रुककर उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन किए। विराट और कुलदीप पहले भी कई बार उज्जैन आ चुके हैं और महाकाल के प्रति अपनी गहरी आस्था जाहिर कर चुके हैं।


कोहली ने क्लिक की महाकाल की तस्वीर

दर्शन के दौरान विराट कोहली मंदिर के मुख्य प्रांगण में नंदी की प्रतिमा के पास बैठे नजर आए। उन्होंने यहां कुछ फोटो भी क्लिक कीं। उनके पीछे फील्डिंग कोच टी दिलीप मौजूद थे। श्रद्धालुओं ने भी अपने चहेते क्रिकेटर को देखकर ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे लगाए।


कुलदीप बोले– महाकाल की कृपा से वर्ल्ड कप में करेंगे अच्छा

पूजा के बाद कुलदीप यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “दर्शन का अनुभव बहुत अच्छा रहा, मन को सुकून मिला। महाकाल जी की कृपा रही तो आने वाले टी20 वर्ल्ड कप में भी टीम शानदार प्रदर्शन करेगी।” उन्होंने विराट कोहली और रोहित शर्मा को क्रिकेट का लीजेंड बताते हुए कहा कि उनके होने से टीम में ऊर्जा और आत्मविश्वास बढ़ता है।


इंदौर में होगा सीरीज का फैसला

भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबरी पर है। आखिरी और निर्णायक मुकाबला 18 जनवरी को इंदौर में खेला जाएगा। मैच से पहले ज्यादातर खिलाड़ी इंदौर पहुंच चुके हैं और कुछ खिलाड़ी समय निकालकर महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन जा रहे हैं।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें