मंगलवार, 21 अप्रैल 2026
Logo
Madhaya Pradesh

लोक महत्व की सेवाओं तक हितग्राहियों की पहुंच आसान होनी चाहिए: चैतन्य काश्यप

21 अप्रैल, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
लोक महत्व की सेवाओं तक हितग्राहियों की पहुंच आसान होनी चाहिए: चैतन्य काश्यप
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप मंगलवार को आसीवीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी में आयोजित सिविल सेवा दिवस समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि लोक सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए नवाचार की आवश्यकता होती है। लोक महत्व की सेवाओं तक सभी हितग्राही लोगों की पहुंच आसान होना चाहिए।


मंत्री ने कहा है कि लोकहित कार्यों के बेहतर परिणामों के लिए लोक सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार होते रहना चाहिए। जिन्होने लोक सेवा का संकल्प लिया है उन्हें गहन चिंतन और निरंतर आत्मविश्लेषण की आवश्यकता होती है। उन्होने कहा कि भारत की सिविल सेवा हर प्रकार से मजबूत है। वास्तविक अर्थ में इसका स्टील फ्रेम है। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट में कई देशों में प्रशासनिक सेवाओं के तंत्र चरमरा गये थे लेकिन भारत में पूरी दक्षता और क्षमता से सिविल सेवा तंत्र ने काम किया और सेवाएं दीं। 


मंत्री चैतन्य काश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व और मार्गदर्शन में विकसित भारत के निर्माण में मध्यप्रदेश निरंतर अपना योगदान देने के लिए तैयार है। आज मध्यप्रदेश बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर आकर विकासशील प्रदेश बन चुका है और तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि जन सुनवाई जैसी प्रशासनिक व्यवस्थाएं प्रभावी सिद्ध हुई हैं।


नवाचार व उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अधिकारी-कर्मचारी और मार्गदर्शी लोकसेवकों को किया सम्मानित 

मंत्री चैतन्य काश्यप ने वर्ष 2024-25 के लिए नागरिक सेवा, शिक्षा एवं मानव संसाधन, सामाजिक समावेश और स्वास्थ्य और पोषण सेवा श्रेणियों में नवाचार और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए नौ विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और मार्गदर्शी लोकसेवकों को मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया। प्रत्येक को एक लाख रुपए की राशि और प्रशस्ति पत्र दिए गए। नागरिक सेवा प्रदाय सूचना औद्योगिकी व सुशासन श्रेणी में गैर वन भूमि और जंगल से दूरी के प्रमाण पत्र ऑनलाइन जारी करने के लिए सॉफ्टवेयर का विकास, नवीनीकृत राजस्व अभिलेखागार और डिजिटल रिकॉर्ड लोकेशन प्रणाली, सामुदायिक पुलिसिंग को सशक्त बनाने के लिए "पुलिस चौपाल अभियान, बजट साहित्य के साथ नवाचार के रूप में वित्त विभाग की ओर से "मेरा बजट पुस्तिका" का प्रकाशन को पुरस्कृत किया गया।


लोक सेवा दिवस आत्मपरीक्षण कर नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ने का अवसर 

मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कहा कि लोक सेवा दिवस आत्मपरीक्षण कर नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ने का अवसर है। उन्होने कहा कि साढ़े नौ लाख अधिकारी व कर्मचारी "आई गाट पोर्टल" पर रजिस्टर हुए यह सराहनीय है। उन्होने कहा कि भूमिका आधारित प्रशासन प्रभावी होगा। मध्यप्रदेश 490 कोर्स के साथ अन्य प्रदेशों से आगे है। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारी को बधाई दी। कार्यक्रम में क्षमता विकास आयोग के पूर्व अध्यक्ष आदिल जैनुलभाई,  अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन संजय दुबे ने सिविल सेवा दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर प्रशासन अकादमी के महानिदेशक सचिन सिन्हा और बड़ी संख्या में लोक सेवक उपस्थित थे। उप सचिव, मुख्यमंत्री श्री सुधीर कोचर ने कार्यक्रम का संचालन किया। संचालक प्रशासन अकादमी मुजीबुर्रहमान खान ने आभार व्यक्त किया।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें