गुरुवार, 16 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

भारत मंडपम में भारत टैक्स-2026 आज, निवेशकों से संवाद करेंगे डॉ. मोहन यादव

16 जुल, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
भारत मंडपम में भारत टैक्स-2026 आज, निवेशकों से संवाद करेंगे डॉ. मोहन यादव
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज ( 16 जुलाई) नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत टैक्स-2026 में शामिल होंगे। वह देश-विदेश के प्रमुख टेक्सटाइल निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों और वैश्विक ब्रांडों से संवाद कर मध्यप्रदेश में निवेश के नए अवसरों को गति देंगे। 


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विभिन्न निवेश एवं उद्योग जगत से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होकर राज्य की उद्योग हितैषी नीतियों, आधुनिक औद्योगिक अधोसंरचना तथा टेक्सटाइल एवं गारमेंट क्षेत्र में उपलब्ध व्यापक निवेश संभावनाओं को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय उद्योग जगत के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। वन-टू-वन बैठकों, राउंड टेबल चर्चा, एमओयू तथा निवेशक संवाद के माध्यम से टेक्सटाइल, गारमेंट एवं फुटवियर क्षेत्र में नए निवेश आकर्षित करने की दिशा मे विस्तृत चर्चा की जाएगी।


मुख्यमंत्री भारत मंडपम में भारत टेक्स-2026 का अवलोकन करेंगे तथा मध्यप्रदेश पवेलियन का निरीक्षण भी करेंगे। पवेलियन में राज्य की उद्योग हितैषी नीतियों, आधुनिक औद्योगिक अधोसंरचना, कौशल विकास, धार जिले में विकसित हो रहे पीएम मित्र पार्क तथा टेक्सटाइल क्षेत्र की संपूर्ण औद्योगिक वैल्यू चेन को वैश्विक उद्योग जगत के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जाएगा। मुख्यमंत्री मीडिया से भी संवाद करेंगे।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भारत टैक्स-2026 में टेक्सटाइल व गारमेंट क्षेत्र के प्रमुख उद्योगपतियों के साथ आयोजित राउंड टेबल चर्चा में भाग लेंगे। इस चर्चा में मध्यप्रदेश के टेक्सटाइल एवं गारमेंट इकोसिस्टम, निवेश की संभावनाओं, निर्यात संवर्धन, वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता, सतत विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स तथा कौशल विकास जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा। केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह भी राउंड टेबल को संबोधित करेंगे।


बैठक में 100 से अधिक उद्योगपतियों, निवेशकों एवं उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम में डिक्सन टेक्नोलॉजीस के उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक अतुल लाल, टोपन के सीईओ मनोहरा कुमार, हेलियॉन के सीईओ केदार लेले और भारत में ब्राजील के राजदूत केनेथ फेलिक्स हैजिन्स्की दा नोब्रेगा भी शामिल होंगे।


"मध्यप्रदेश में निवेश के अवसर" विषय पर इंटरैक्टिव सत्र को संबोधित करेंगे

मुख्यमंत्री डॉ. यादव होटल द लीला में "मध्यप्रदेश में निवेश के अवसर" विषय पर आयोजित इंटरैक्टिव सत्र को संबोधित करेंगे। सत्र में मध्यप्रदेश की औद्योगिक संभावनाओं के साथ नवकरणीय ऊर्जा, पर्यटन तथा अन्य उभरते क्षेत्रों में निवेश के अवसरों पर प्रस्तुतियां दी जाएंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस अवसर पर उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन बैठक कर प्रदेश में निवेश और औद्योगिक विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।


पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें