
भोपाल में लगातार बारिश ने इस सीजन का सबसे बड़ा बारिश का आंकड़ा दर्ज कराया है। 24 घंटे में करीब 7 इंच पानी गिरा, जो अगस्त 2025 की पूरे महीने की बारिश से भी ज्यादा है।
तेज बारिश से पुराने शहर समेत 50 से अधिक इलाके जलभराव की चपेट में आए। बाणगंगा नदी उफनने से भोपाल-बैरसिया रोड बंद करना पड़ा, पेड़ गिरे और कई घरों-कॉलोनियों में पानी घुस गया।
भोपाल में इस सीजन की सबसे बड़ी बारिश
शनिवार रात शुरू हुई बारिश सोमवार दोपहर तक रुक-रुककर जारी रही। कभी तेज तो कभी हल्की बारिश के चलते शहर के कई हिस्सों में पानी जमा हो गया। राजधानी में करीब 7 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई है। यह 2025 में पूरे अगस्त के दौरान हुई 5 इंच बारिश से 2 इंच अधिक है।
जलभराव वाले प्रमुख इलाकों में शामिल हैं:
कोलार रोड
नारियलखेड़ा
शिव नगर
करोंद
बैरसिया रोड
गांधी नगर
होशंगाबाद रोड
अयोध्या बायपास
रायसेन रोड
बैरागढ़
बाणगंगा नदी का जलस्तर बढ़ा, बैरसिया रोड बंद
भोपाल-बैरसिया मार्ग पर ईंटखेड़ी के पास बाणगंगा नदी उफान पर आ गई। पानी पुल के ऊपर से बहने लगा, जिसके बाद सड़क पर आवागमन रोकना पड़ा। रास्ता बंद होने से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया ने बताया कि लोगों की सुरक्षा को देखते हुए मार्ग को एहतियातन बंद किया गया है।
पुराने शहर में घरों और सड़कों पर पानी
राजेंद्र नगर, शिव नगर, निशातपुरा और करोंद सहित पुराने शहर के कई हिस्सों में पानी जमा हुआ। घरों में पानी घुसने से लोगों को नुकसान उठाना पड़ा। मंत्री विश्वास सारंग भी प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे और जल निकासी की व्यवस्था करवाई। वसुंधरा कॉलोनी में स्थिति ज्यादा खराब रही। यहां करीब 2 फीट पानी जमा होने से कई कारें आधी तक डूब गईं।
कई कॉलोनियों में एक से तीन फीट तक जलभराव
बारिश का असर शहर की कई आवासीय कॉलोनियों में भी दिखाई दिया। जेल रोड के नयापुरा में श्मशान घाट के आसपास पानी भर गया। बैरागढ़ के कैलाश नगर स्थित सांई बाबा रेसीडेंसी में करीब 1 फीट पानी जमा हो गया। इससे कॉलोनी में रहने वाले लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई।
डी-मार्ट चौराहे पर बेसमेंट में पहुंचा पानी
कोलार रोड स्थित डी-मार्ट चौराहे के पास जानकी अपॉर्टमेंट के बेसमेंट में पानी भर गया। जलस्तर इतना बढ़ा कि बिजली के मीटर तक पानी पहुंच गया। इससे करंट फैलने का खतरा पैदा हो गया। नगर निगम की दमकल की मदद से बेसमेंट से पानी निकालने का काम किया जा रहा है।
वीआईपी रोड और जेपी अस्पताल में पेड़ गिरे
वीआईपी रोड पर खानूगांव चौराहे के पास सुबह एक पेड़ सड़क पर गिर गया। इससे दोनों दिशाओं में वाहनों की लंबी कतार लग गई। जेपी हॉस्पिटल कैंपस में भी पेड़ गिरने की घटना हुई। बारिश के दौरान शहर के कई हिस्सों में पेड़ों के गिरने से यातायात प्रभावित हुआ।
बारिश से बांधों में भी बढ़ा पानी
लगातार पानी गिरने का असर भोपाल के प्रमुख जलस्रोतों पर भी पड़ा है। कलियासोत, केरवा और कोलार डैम में जलस्तर बढ़ा है।
कलियासोत डैम: 1 फीट पानी बढ़ा
केरवा डैम: 3 फीट पानी बढ़ा
कोलार डैम: 1 फीट पानी बढ़ा
स्कूल पहुंचे बच्चों के बाद आया छुट्टी का आदेश
अति भारी बारिश के बीच सोमवार सुबह स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया गया। डीईओ अभिनव आर्य ने कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के आदेश के बाद छुट्टी का निर्देश जारी किया। आदेश सुबह 8 बजे के बाद जारी हुआ। उस समय तक कई बच्चे स्कूल पहुंच चुके थे। बाद में कुछ स्कूलों ने छुट्टी कर दी, जबकि कुछ संस्थानों ने स्कूल की टाइमिंग कम कर दी। इस देरी के कारण पहले से स्कूल पहुंच चुके बच्चों और उनके अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

