
भोपाल। भोपाल में कचरा प्रबंधन को लेकर नगर निगम ने अपनी व्यवस्था में बदलाव शुरू कर दिया है। अब घरों और बाजारों से कचरा उठाने वाली गाड़ियों में गीला-सूखा कचरा अलग-अलग देने पर विशेष जोर रहेगा। आदमपुर खंती और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2026 के पालन से जुड़े मामले की सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के बाद यह कार्रवाई तेज हुई है। नगर निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार खुद रात में बाजारों और रहवासी क्षेत्रों में पहुंचे। उन्होंने लोगों को कचरे की अलग-अलग श्रेणियों की जानकारी देकर डोर-टू-डोर कलेक्शन के दौरान सही तरीके से कचरा देने की अपील की।
डायपर से लेकर घरेलू हानिकारक कचरे तक अलग करने की समझाइश
नगर निगम ने घर-घर सर्वे शुरू कराया है। नागरिकों को गीला और सूखा कचरा अलग रखने के साथ अन्य तरह के कचरे का भी पृथक्करण करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। रात्रिकालीन कचरा संग्रहण व्यवस्था में भी अब अलग-अलग कचरा लेने पर ध्यान दिया जा रहा है। कमिश्नर ने लोगों को इन श्रेणियों के बारे में समझाया:
- गीला कचरा
- सूखा कचरा
- डायपर वेस्ट
- सेनेटरी वेस्ट
- घरेलू हानिकारक कचरा
इन सभी श्रेणियों का कचरा डोर-टू-डोर पहुंचने वाली गाड़ियों में अलग-अलग देने के निर्देश दिए गए हैं।
मंगलवार सुबह भी मैदान में उतरा निगम का अमला
कचरा पृथक्कीकरण की व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए मंगलवार सुबह भी नगर निगम की टीमें सक्रिय रहीं। इस अभियान में सभी जोन अधिकारियों, स्वास्थ्य अधिकारियों और वार्ड प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। निगम का जोर केवल लोगों को जागरूक करने तक सीमित नहीं है, बल्कि कचरा संग्रहण के दौरान भी अलग-अलग श्रेणियों का कचरा लेने की व्यवस्था लागू करने पर है।
आदमपुर खंती का मामला कैसे पहुंचा सुप्रीम कोर्ट?
भोपाल की आदमपुर कचरा खंती में आग लगने की घटनाओं को लेकर पर्यावरणविद् डॉ. पांडे ने मार्च 2023 में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) में याचिका दाखिल की थी।इस मामले में 31 जुलाई 2023 को एनजीटी ने नगर निगम पर 1 करोड़ 80 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। निगम ने इस आदेश को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया और जुर्माने की राशि माफ करने की मांग रखी। इस मामले में 16 मई 2025 को भी सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई थी। अब इसी प्रकरण में आगे की सुनवाई चल रही है।
17 नवंबर की सुनवाई के बाद नियमों के पालन पर जोर
मामले की 17 नवंबर को हुई सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने नए सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियमों पर ध्यान देने के निर्देश दिए थे। इसके बाद नगर निगम ने कचरा संग्रहण की प्रक्रिया में बदलाव करते हुए अलग-अलग डस्टबिन से कचरा लेने की व्यवस्था पर सख्ती बढ़ाई है। आदमपुर खंती में कचरे के निपटारे और नए नियमों के पालन का मुद्दा इस पूरे मामले का अहम हिस्सा है।
भोपाल में रोजाना निकलता है 850 टन कचरा, प्रोसेसिंग क्षमता 420 टन
राजधानी में प्रतिदिन निकलने वाले कचरे और उसकी प्रोसेसिंग क्षमता के आंकड़े भी चुनौती को सामने रखते हैं।उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, भोपाल में हर दिन करीब 850 टन कचरा निकलता है। इसमें से लगभग 800 टन कचरा प्रोसेसिंग के लिए खंती पहुंचता है।
इस कचरे का आंकड़ा इस प्रकार है:
- कुल कचरा: 850 टन प्रतिदिन
- खंती पहुंचने वाला कचरा: 800 टन
- मिट्टी: 290 टन
- मिक्स कचरा: 510 टन
- नगर निगम की प्रोसेसिंग यूनिट की क्षमता: 420 टन
यानी खंती पहुंचने वाले कचरे में से 510 टन मिक्स कचरा होता है, जबकि निगम की मौजूदा प्रोसेसिंग यूनिट की क्षमता 420 टन है।
कचरे की बढ़ती मात्रा और प्रोसेसिंग क्षमता के बीच का अंतर नगर निगम के लिए बड़ी चुनौती है। नए नियमों के तहत घरों से ही कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित करने पर जोर इसी व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

