
भोपाल। भोपाल में ठंड और प्रदूषित हवा का असर अब अस्पतालों की ओपीडी में भी दिखाई देने लगा है। शहर में रोजाना करीब 2000 लोग सांस से जुड़ी समस्याओं के इलाज के लिए सरकारी और निजी अस्पतालों का रुख कर रहे हैं, जबकि सामान्य दिनों में यह संख्या लगभग 500 रहती है। धूल, कोहरा और गिरते तापमान के बीच एलर्जी, अस्थमा और सीने में जकड़न की शिकायतें बढ़ रही हैं। जेपी अस्पताल में सांस के मरीजों की रोजाना संख्या अक्टूबर के मुकाबले बढ़कर 80 तक पहुंच गई है।
जेपी अस्पताल में दोगुने हुए एलर्जी के मरीज
जेपी अस्पताल में इस बार एलर्जिक राइनाइटिस के मरीजों की संख्या पिछले वर्षों की तुलना में करीब दोगुनी हो गई है। अस्पताल के पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. अंकित तोमर के अनुसार, धूल और वायु प्रदूषण इसकी प्रमुख वजह हैं। ठंडी हवा के साथ प्रदूषित कण सांस की नलियों में सूजन और सिकुड़न पैदा कर सकते हैं। अक्टूबर तक रोजाना 30 से 40 मरीज सांस संबंधी परेशानी लेकर पहुंचते थे, लेकिन अब इनकी संख्या बढ़कर 80 प्रतिदिन हो गई है।
बच्चों को ठीक होने में लग रहे 7 से 10 दिन
बदलते मौसम का असर बच्चों और पहले से सांस की बीमारी से जूझ रहे लोगों पर ज्यादा दिखाई दे रहा है। अस्थमा और सीओपीडी के मरीजों की दिक्कतें बढ़ी हैं और संक्रमण से उबरने में पहले से अधिक समय लग रहा है। अस्पताल में भर्ती होने वाले बच्चों को पहले 3 से 4 दिन में छुट्टी मिल जाती थी, लेकिन अब रिकवरी में 7 से 10 दिन लग रहे हैं। कुछ मरीजों में खांसी और दूसरे लक्षण 15 दिन से ज्यादा बने रह रहे हैं। वायरल संक्रमण ठीक होने के बाद दोबारा बीमार पड़ने की शिकायतें भी मिल रही हैं। कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों में सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार की समस्या बार-बार सामने आ रही है।
अस्थमा और दिल के मरीजों की बढ़ी परेशानी
ठंड और प्रदूषण के कारण पहले से हृदय और श्वसन संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को अधिक सावधानी बरतनी पड़ रही है। खासतौर पर 50 से 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों पर इसका ज्यादा असर देखा जा रहा है।
अस्पतालों में मरीजों की संख्या में आए बदलाव के आंकड़े इस तरह हैं:
- जेपी अस्पताल: अस्थमा के मरीज पहले रोजाना 1-2 आते थे, अब संख्या 4 से अधिक हो गई है।
- हमीदिया अस्पताल: अस्थमा के मरीजों की संख्या 8-10 से बढ़कर करीब 20 हो गई है।
- हमीदिया की हृदय रोग OPD: मरीजों की संख्या 150 से बढ़कर करीब 200 पहुंच गई है।
हमीदिया अस्पताल की हृदय रोग ओपीडी में मरीजों की संख्या में करीब 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
भोपाल में अलग-अलग इलाकों का AQI कितना रहा?
मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के 24 नवंबर रात 9 बजे के आंकड़ों में शहर के तीन निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता अलग-अलग दर्ज की गई।
पर्यावरण परिसर: 197
टीटी नगर: 137
कलेक्ट्रेट: 115
तीनों केंद्रों के एक्यूआई में 82 अंकों का अंतर रहा। प्रदूषण के स्तर में भी अलग-अलग इलाकों के अनुसार अंतर दिखाई दिया।
पर्यावरण परिसर में PM 2.5 प्रमुख प्रदूषक रहा, जबकि टीटी नगर और कलेक्ट्रेट क्षेत्र में PM 10 का प्रभाव अधिक दर्ज किया गया। तीनों निगरानी केंद्रों पर हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही।
प्रदूषण और ठंड से बचने के लिए डॉक्टरों की सलाह
बढ़ती ठंड और खराब हवा के बीच बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी रखने की जरूरत है। सांस संबंधी रोगियों को खासतौर पर धूल और धुएं से बचना चाहिए।
स्वास्थ्य संबंधी परेशानी कम रखने के लिए ये सावधानियां अपनाएं:
- सुबह और शाम ठंड के दौरान बेवजह बाहर जाने से बचें।
- अस्थमा और सीओपीडी के मरीज प्रदूषण के समय मास्क लगाएं।
- धूल और धुएं के संपर्क में आने से बचें।
- पहले से चल रही दवाएं नियमित रूप से लेते रहें।
- बच्चों और बुजुर्गों को ठंडी हवा से सुरक्षित रखें।
- सांस फूलने, सीने में जकड़न या लगातार बुखार की शिकायत होने पर डॉक्टर से संपर्क करें।
बदलते मौसम में सांस और हृदय संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। इसलिए लक्षणों को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

