
भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से 1 अगस्त 2026 से घरेलू हवाई सेवाओं में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। एयर इंडिया एक्सप्रेस की नई उड़ानें शुरू होने के साथ यात्रियों को दिल्ली और मुंबई के लिए अधिक विकल्प उपलब्ध होंगे। सुबह संचालित होने वाली दिल्ली-भोपाल-दिल्ली सेवा पहले की तरह एयर इंडिया ही संचालित करेगी, जबकि भोपाल से चलने वाली एयर इंडिया की लगभग सभी अन्य उड़ानों का संचालन अब एयर इंडिया एक्सप्रेस के जिम्मे होगा।
एयर इंडिया एक्सप्रेस संभालेगी अधिकांश उड़ानों का संचालन
नए शेड्यूल के अनुसार, 1 अगस्त 2026 से भोपाल से संचालित एयर इंडिया की लगभग सभी घरेलू उड़ानों का संचालन एयर इंडिया एक्सप्रेस करेगी। इस बदलाव का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधाजनक उड़ान विकल्प उपलब्ध कराना है। सुबह की दिल्ली सेवा में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। यह उड़ान पहले की तरह एयर इंडिया के संचालन में जारी रहेगी।
रोजाना छह उड़ानें, दिल्ली और मुंबई से बेहतर कनेक्टिविटी
एयर इंडिया एक्सप्रेस प्रतिदिन 6 उड़ानों का संचालन करेगी। इन सेवाओं के जरिए भोपाल का सीधा हवाई संपर्क दिल्ली और मुंबई से रहेगा। उड़ानों के लिए आधुनिक एयरबस विमान लगाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को पूरे दिन अलग-अलग समय पर यात्रा की सुविधा मिलेगी।
उड़ानों का नया समय
भोपाल–दिल्ली (IX-1789/1790)
- दिल्ली से प्रस्थान: सुबह 10:40 बजे
- भोपाल आगमन: दोपहर 12:05 बजे
- भोपाल से प्रस्थान: दोपहर 12:45 बजे
- दिल्ली आगमन: दोपहर 2:15 बजे
भोपाल–दिल्ली (IX-1791/1792)
- दिल्ली से प्रस्थान: दोपहर 3:05 बजे
- भोपाल आगमन: शाम 4:30 बजे
- भोपाल से प्रस्थान: शाम 5:10 बजे
- दिल्ली आगमन: शाम 6:40 बजे
भोपाल–मुंबई (IX-1788/1798)
- मुंबई से प्रस्थान: सुबह 11:20 बजे
- भोपाल आगमन: दोपहर 1:00 बजे
- भोपाल से प्रस्थान: दोपहर 1:40 बजे
- मुंबई आगमन: दोपहर 3:25 बजे
एयरपोर्ट के आसपास विकसित होगा नया औद्योगिक क्षेत्र
राजा भोज एयरपोर्ट के आसपास औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार भी किया जा रहा है। पीपलनेर-बड़झिरी, बगरोदा और अचारपुरा के बाद अब बैरागढ़ कलां में उद्योगों के लिए जमीन चिन्हित की जा रही है। जिला प्रशासन को आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक उपयोग की जमीन उपलब्ध कराने और नए विकसित क्षेत्रों तक पहुंच सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके लिए प्रशासन ने अलग समर्पित टीम बनाकर काम शुरू किया है।
24 मीटर चौड़े नए रास्ते बनाए जाएंगे
औद्योगिक क्षेत्रों तक बेहतर पहुंच के लिए 24 मीटर चौड़ाई वाले नए मार्ग विकसित किए जाएंगे। इन सड़कों के निर्माण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी भी जिला प्रशासन को सौंपी गई है।
सीहोर रोड से सीधे जुड़ेगा बैरागढ़ कलां
बैरागढ़ कलां औद्योगिक क्षेत्र को सीहोर रोड से जोड़ने के लिए नई चौड़ी सड़क बनाई जाएगी। पीपलनेर से बैरागढ़ कलां तक 1280 मीटर लंबी सड़क प्रस्तावित है। इस परियोजना के लिए प्रशासन 2.2756 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण करेगा। पीपलनेर तक पहले से सड़क मौजूद है, जिसे आगे बढ़ाकर नया मार्ग तैयार किया जाएगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

