
भोपाल की अरेरा कॉलोनी में 22 वर्षीय अमन सारूमगर और उसकी 16 वर्षीय प्रेमिका की मौत के मामले में पुलिस जांच कर रही है। दोनों के शव गुरुवार रात एक बंगले के सर्वेंट क्वार्टर में फंदे पर मिले। शुरुआती जांच में मौत की वजह सामने नहीं आई है।
घटना से पहले अमन ने अपने दोस्त आर्यन को एक ऑडियो मैसेज भेजा था। इसके बाद दोस्त उसके कमरे पर पहुंचा, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद मिला। खिड़की से देखने पर दोनों के शव दिखाई दिए।
दोस्त को मैसेज भेजने के बाद सामने आई घटना
पुलिस के अनुसार, अमन ने गुरुवार शाम आर्यन से शराब लाने के लिए कहा था। शराब पहुंचाने के बाद आर्यन अपने कमरे पर लौट गया था। रात करीब 8 बजे अमन का ऑडियो मैसेज मिलने पर वह दोबारा उसके पास पहुंचा।
मैसेज में अमन ने दोस्त के सहयोग के लिए आभार जताया और उससे विदा लेने की बात कही। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण आर्यन ने खिड़की से अंदर देखा और पुलिस को सूचना दी।
अरेरा कॉलोनी के सर्वेंट क्वार्टर में रहते थे अमन
अमन सारूमगर (22), पिता तारा बहादुर, मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था। वह भोपाल के अरेरा कॉलोनी स्थित E-7 क्षेत्र के मकान नंबर 57 के बंगले के सर्वेंट क्वार्टर में परिवार के साथ रहता था।
उसकी मां इसी बंगले में खाना बनाने का काम करती थीं। अमन अपने पिता के साथ 11 नंबर स्थित गणेश मंदिर के पास फास्ट फूड का ठेला भी लगाता था।
परिवार करीब एक सप्ताह पहले नेपाल गया था। इस दौरान अमन घर में अकेला रह रहा था। परिवार में उसका एक बड़ा भाई और छोटी बहन हैं।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी दोनों की दोस्ती
पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अमन और 16 वर्षीय लड़की की पहचान करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और वे रिश्ते में आ गए थे।
लड़की हबीबगंज इलाके में रहती थी और दसवीं कक्षा में पढ़ती थी। वह अपने परिवार की इकलौती बेटी थी। उसके पिता कपड़े की दुकान पर सेल्समैन हैं और परिवार में उसका एक बड़ा भाई भी है।
इंस्टाग्राम पर प्रेगनेंसी टेस्ट किट की तस्वीर
जानकारी के मुताबिक, घटना से पहले अमन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रेगनेंसी टेस्ट किट की फोटो पोस्ट की थी। इस तस्वीर का दोनों की मौत से कोई संबंध था या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने भी इस पोस्ट को आत्महत्या की वजह नहीं बताया है। फिलहाल जांच में किसी एक कारण को जिम्मेदार नहीं माना गया है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
जांच अधिकारी सी अजय दुबे के मुताबिक, दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम गांधी मेडिकल कॉलेज की मॉर्च्युरी में कराया जा रहा है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत की परिस्थितियों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

