
भोपाल। देश की सैन्य ताकत की झलक अब राजधानी भोपाल की सड़कों पर भी देखने को मिलेगी। 15 जनवरी 2027 को होने वाली आर्मी डे परेड के लिए शहर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। खास बात यह है कि पहली बार किसी सैन्य कैंटोनमेंट के बाहर सार्वजनिक क्षेत्र में इस स्तर की सेना की परेड आयोजित की जाएगी।
परेड में सेना के टैंक और अन्य सैन्य वाहन शामिल होंगे। आयोजन को देखने के लिए करीब 50 हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान है। शनिवार को सेना के साथ भोपाल पुलिस, जिला प्रशासन, बिजली कंपनी, पीडब्ल्यूडी, भेल और सीपीए के अधिकारियों ने प्रस्तावित मार्ग और आयोजन स्थल का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने गोविंदपुरा थाने से जंबूरी मैदान तक के रास्ते की स्थिति का जायजा लिया। एडीएम महेंद्र कपचे भी निरीक्षण में शामिल रहे। इसी मार्ग से सैन्य वाहनों की आवाजाही प्रस्तावित है, इसलिए सड़क की क्षमता और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जरूरी तैयारियां की जा रही हैं।
2.4 किलोमीटर सड़क होगी चौड़ी
गोविंदपुरा थाना से जंबूरी मैदान तक करीब 2.4 किलोमीटर लंबी सड़क को 15 मीटर चौड़ा किया जाएगा। पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियर एससी वर्मा के मुताबिक सड़क की स्ट्रेंथनिंग भी की जाएगी, जिससे भारी सैन्य टैंकों और वाहनों का वजन आसानी से सहन किया जा सके।
परेड देखने आने वाले लोगों के लिए सड़क के दोनों ओर बैठने की व्यवस्था प्रस्तावित है। करीब 50 हजार दर्शकों को ध्यान में रखकर इंतजाम किए जाएंगे। सैन्य वाहनों की आवाजाही में किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर नहीं रखे जाएंगे।
बिजली के पोल और पेड़ भी हटेंगे
आयोजन की तैयारियों के दौरान मार्ग में आने वाले कुछ बिजली के पोल और पेड़ों को हटाने की योजना है। संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ निरीक्षण के दौरान इन व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई।
सैन्य वाहनों की पार्किंग के लिए नटराज-हेमा स्कूल मार्ग को निर्धारित किया गया है। आयोजन से जुड़ी अलग-अलग व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के लिए सेना और स्थानीय प्रशासन के साथ संबंधित विभागों के अधिकारी समन्वय कर रहे हैं।
गौरतलब है कि आर्मी डे परेड 2027 के आयोजन के लिए भोपाल का चयन इसी वर्ष मार्च में किया गया था। अब राजधानी में पहली बार इस बड़े सैन्य आयोजन को सार्वजनिक क्षेत्र में आयोजित करने की तैयारियां जमीन पर दिखाई देने लगी हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

