
भोपाल। राजधानी भोपाल के बड़े तालाब पर गुरुवार सुबह देशभक्ति का भव्य नजारा देखने को मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में सुबह 11 बजे नौका तिरंगा यात्रा शुरू होगी, जिसमें 100 से ज्यादा नावें राष्ट्रीय ध्वज के साथ शामिल होंगी।
यात्रा में हजारों नागरिकों के पहुंचने की उम्मीद है। युवाओं के साथ खिलाड़ी, सामाजिक संगठन और आम लोग भी इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे। बड़े तालाब का जल क्षेत्र तिरंगे से सजी नावों के चलते विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
बोट क्लब पहुंचकर मंत्री सारंग ने परखी तैयारियां
कार्यक्रम से एक दिन पहले बुधवार को मंत्री विश्वास सारंग बोट क्लब पहुंचे। उन्होंने नावों और आयोजन से जुड़ी तैयारियों की जानकारी अधिकारियों से ली और मौके पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। सारंग ने अधिकारियों को आयोजन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। नावों के सुरक्षित संचालन पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
गोताखोर और SDRF रहेंगे तैनात
जल क्षेत्र में होने वाले आयोजन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी प्राथमिकता दी है। मंत्री ने गोताखोरों और SDRF की तैनाती के निर्देश दिए। इसके अलावा पार्किंग, साफ-सफाई और अन्य जरूरी इंतजाम समय पर पूरे करने के लिए संबंधित अधिकारियों को कहा गया है।
तिरंगे से सजेगा बड़ा तालाब
नौका तिरंगा यात्रा के दौरान अलग-अलग नावों पर प्रतिभागी राष्ट्रीय ध्वज लेकर चलेंगे। जल क्षेत्र में एक साथ तिरंगे से सजी नावों का दृश्य राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति का संदेश देगा। मंत्री विश्वास सारंग के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देश के अलग-अलग हिस्सों में तिरंगा यात्राएं आयोजित की जा रही हैं। भोपाल की पहचान बड़े तालाब के प्राकृतिक सौंदर्य से भी जुड़ी है, इसलिए झील के बीच नौका यात्रा शहर के लिए खास आकर्षण बनेगी।
हजारों नागरिकों के शामिल होने की तैयारी
आयोजन में युवाओं और खिलाड़ियों के अलावा सामाजिक संगठनों की भागीदारी भी रहेगी। बड़ी संख्या में आम नागरिकों के पहुंचने की संभावना है। बुधवार को तैयारियों के निरीक्षण के दौरान बीजेपी जिलाध्यक्ष रविंद्र यती भी मौजूद रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

