
भोपाल में बुधवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी के प्रदर्शन के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने विरोध प्रदर्शन किया। रेड क्रॉस चौराहे पर जुटे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ने के दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया।
करीब 10 मिनट तक नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन के बाद भाजपा कार्यकर्ता वापस लौट गए। इसी मुद्दे पर बुधवार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने भी अलग-अलग प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने का ऐलान किया है।
रेड क्रॉस चौराहे से कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़े कार्यकर्ता
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ता रेड क्रॉस चौराहे पर एकत्र हुए। उनके साथ विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष रवि दुबे सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़े, लेकिन रेड क्रॉस अस्पताल के सामने लिंक रोड पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर आगे जाने से रोक दिया।
नारेबाजी के बीच पोस्टर और तख्तियां फेंकी
पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए और अपने हाथों में मौजूद पोस्टर तथा तख्तियां बैरिकेडिंग की ओर फेंक दीं। विरोध प्रदर्शन लगभग 10 मिनट तक चला, जिसके बाद सभी कार्यकर्ता वापस लौट गए।
जिला प्रवक्ता ने पोस्टर तोड़ा
प्रदर्शन के दौरान भाजपा के जिला प्रवक्ता राजेंद्र गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं के हाथ में मौजूद एक पोस्टर लेकर उसे तोड़ दिया और बाद में उसे अपनी बाइक की डिग्गी में रख लिया।
जोकर की वेशभूषा में पहुंचा युवक
प्रदर्शन के दौरान एक युवक जोकर की ड्रेस पहनकर भी पहुंचा। उसकी टी-शर्ट पर लगे पोस्टर पर लिखा था—
"देश का अपमान, मेरा काम – राहुल गांधी"
हेमंत खंडेलवाल ने दी आगे आंदोलन की चेतावनी
मीडिया से बातचीत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि यह प्रदर्शन केवल चेतावनी देने के लिए था। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस अपने रुख में बदलाव नहीं करती है तो भाजपा आगे और अधिक उग्र आंदोलन करेगी।
कांग्रेस आज रखेगी अपना पक्ष
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार बुधवार को भोपाल के श्यामला हिल्स स्थित आदिवासी छात्रावास में 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसमें छात्रों से जुड़े मुद्दों के साथ दिल्ली की घटना पर कांग्रेस का पक्ष भी रखा जाएगा।
समाजवादी पार्टी की भी प्रेस कॉन्फ्रेंस
समाजवादी Party के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने भी दोपहर में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। मंगलवार को दिल्ली में राहुल गांधी के साथ सपा प्रमुख अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के बाद सपा भी इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरने की तैयारी कर रही है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

