
भोपाल में धमकी भरे ई-मेल का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। राजधानी के एमपी नगर स्थित नापतौल विभाग के कार्यालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
ई-मेल में ड्रोन से RDX लगाने का दावा
मंगलवार को विभाग के कार्यालय को भेजे गए ई-मेल में दावा किया गया कि भवन में ड्रोन के जरिए चार छोटे RDX बम लगाए गए हैं। मेल में लिखा गया था कि ये बम दोपहर करीब 2 बजे विस्फोट करेंगे। साथ ही संदेश में कर्मचारियों को तुरंत भवन खाली कराने की चेतावनी भी दी गई थी।
पुलिस ने खाली कराया कार्यालय
धमकी की सूचना मिलते ही एमपी नगर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर दफ्तर में मौजूद कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया गया और पूरे परिसर की तलाशी ली गई। पुलिस टीम ने सुरक्षा मानकों के अनुसार भवन के अंदर और आसपास सघन सर्च ऑपरेशन चलाया।
तलाशी में कुछ संदिग्ध नहीं मिला
एमपी नगर थाना प्रभारी जय हिंद शर्मा के मुताबिक, धमकी मिलने के बाद पूरे कार्यालय की जांच की गई। हालांकि तलाशी के दौरान कोई बम या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस का मानना है कि फिलहाल यह धमकी भरा ई-मेल ही है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है।
एक दिन पहले भी आया था ऐसा ही ई-मेल
जानकारी के अनुसार, इसी कार्यालय को एक दिन पहले भी इसी तरह का धमकी भरा मेल मिला था। उस मेल में यह भी लिखा गया था कि पुलिस की सर्चिंग तकनीकों की जांच की जा रही है। लगातार दूसरे दिन ऐसी धमकी मिलने के बाद पुलिस ने मामले को और गंभीरता से लिया है।
ई-मेल भेजने वाले की तलाश जारी
फिलहाल पुलिस और साइबर टीम ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश कर रही है। तकनीकी जांच के जरिए मेल के स्रोत और आईपी एड्रेस का पता लगाया जा रहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

