
भोपाल। राजधानी भोपाल में 5 अगस्त से शुरू होने वाला ब्रिक्स सांस्कृतिक सम्मेलन-2026 शहर को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान देने जा रहा है। चार दिन तक चलने वाले इस आयोजन में कई देशों के संस्कृति मंत्री, प्रतिनिधि और कलाकार भाग लेंगे।
सम्मेलन 8 अगस्त तक चलेगा। विदेशी मेहमानों के स्वागत की तैयारियों के तहत राजधानी को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) की तर्ज पर सजाया जा रहा है। प्रमुख सड़कों, पुलों और सम्मेलन स्थल तक सौंदर्यीकरण का काम तेज़ी से जारी है।
शहर के प्रमुख मार्गों पर तेज हुई सजावट
आयोजन को देखते हुए एयरपोर्ट रोड, गांधी नगर, वीआईपी रोड, भोज सेतु, पॉलीटेक्निक चौराहा और पं. कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) तक के मार्गों को आकर्षक बनाया जा रहा है। डिवाइडरों पर रंग-रोगन किया जा रहा है, जबकि भोज सेतु के दोनों ओर मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को दर्शाने वाली पेंटिंग बनाई जा रही हैं। वीआईपी रोड और अन्य हिस्सों में भी सौंदर्यीकरण का कार्य जारी है।
समरसता की भावना पर आधारित रहेगा आयोजन
'सर्वे भवंतु सुखिन:' की सनातन संस्कृति और सभी के लिए समरसता के संदेश को केंद्र में रखकर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में ब्राजील, इथियोपिया, इंडोनेशिया, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), दक्षिण अफ्रीका, क्यूबा, थाईलैंड और बेलारूस सहित कई देशों के संस्कृति मंत्री और आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल भाग लेंगे।
इन देशों के प्रतिनिधि रहेंगे मौजूद
सम्मेलन में शामिल होने वाले प्रमुख प्रतिनिधियों में
ब्राजील से डेवेसन इजराइल अल्वेस गुस्माओ, लुकास गोडॉय विलेला और विनीसियस गुर्टलर।
इथियोपिया से संस्कृति एवं खेल मंत्री शेवित शंका शशागो, केफ्यालेव अब्दिस्सा अदुला सहित अन्य अधिकारी।
इंडोनेशिया से फदली जोन, संस्कृति मंत्री एंडाह टी.डी. रेटनोअस्तुति और धियान्ती अफीफा नबीला युधि (बेला)।
संयुक्त अरब अमीरात से शेख सलेम बिन खालिद अल कासिमी।
दक्षिण अफ्रीका से गेयटन मैकहेंजी, क्लेओन नूह, चार्ल्स सिलियर्स, नोन्त्सिकेलेलो पुले और शोना बुहर।
चीन के दूतावास से प्रथम सचिव झांग हैलिन।
क्यूबा से जुआन कार्लोस मार्सैन एगुइलेरा और प्रो. मैकी डियाज।
थाईलैंड से खाजोन।
बेलारूस से प्रथम सचिव यूहेनी उलासक्की।
कलाकारों की प्रस्तुतियां भी रहेंगी आकर्षण का केंद्र
ब्रिक्स सांस्कृतिक सम्मेलन के दौरान विभिन्न देशों के कलाकार अपनी पारंपरिक कला और संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे।
इजिप्ट के 8 सदस्य नेशनल फोक ट्रूप की प्रस्तुति देंगे।
इंडोनेशिया के 5 सदस्य गायन और नृत्य प्रस्तुत करेंगे।
रूस के 6 कलाकार नेशनल एकेडमिक फोक इंस्ट्रूमेंट ऑर्केस्ट्रा और रशियन फोक म्यूजिक प्रस्तुत करेंगे।
दक्षिण अफ्रीका के जमाली ग्रुप के 3 सदस्य भाग लेंगे।
ब्राजील के 5 कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम, मार्शल आर्ट, एक्रोबैटिक्स, संगीत और अन्य प्रस्तुतियां देंगे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

