बुधवार, 05 अगस्त 2026
Logo
Madhaya Pradesh

भोपाल में आज से 4 दिन बदला रहेगा ट्रैफिक सिस्टम, BRICS सम्मेलन के कारण इन इलाकों में निकलने से पहले जान लें प्लान

05 अग, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
भोपाल में आज से 4 दिन बदला रहेगा ट्रैफिक सिस्टम, BRICS सम्मेलन के कारण इन इलाकों में निकलने से पहले जान लें प्लान
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 5 से 8 अगस्त तक होने वाली तृतीय BRICS कार्य समूह की बैठक के कारण शहर की यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किए गए हैं। अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए कई प्रमुख मार्गों पर सुबह के समय ट्रैफिक का दबाव बढ़ने की संभावना है।


यातायात पुलिस ने नागरिकों से प्रभावित इलाकों में अनावश्यक आवागमन से बचने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है, ताकि सम्मेलन के दौरान आवाजाही सुचारु बनी रहे।


मिंटो हॉल में जुटेंगे 12 देशों के प्रतिनिधि

कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में आयोजित होने वाली बैठक में करीब 12 देशों के संस्कृति मंत्री, हेड ऑफ डेलीगेशन, सांस्कृतिक दल और अन्य प्रतिनिधि शामिल होंगे। सम्मेलन के दौरान अलग-अलग स्थानों से प्रतिनिधिमंडलों का आवागमन तय रूट से कराया जाएगा।


सुबह 9 से 11 बजे इन मार्गों पर रहेगा असर

प्रतिनिधिमंडलों के वाहन ताज होटल, जहांनुमा पैलेस, कोर्टयार्ड मैरियट, गोल्डन ट्यूलिप, रेडिसन और सदर मंजिल हेरिटेज से मिंटो हॉल पहुंचेंगे।


इस दौरान इन क्षेत्रों में यातायात का दबाव बढ़ सकता है—

  1. पॉलिटेक्निक चौराहा

  2. भारत माता चौराहा

  3. मछली घर

  4. जेल रोड

  5. कंट्रोल रूम तिराहा

  6. रोहित नगर

  7. चुना भट्टी

  8. रेतघाट और आसपास के मार्ग


जरूरत पड़ने पर पुलिस इन मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट भी करेगी।


मिंटो हॉल में केवल पासधारी वाहनों को मिलेगी अनुमति

यातायात पुलिस के अनुसार मिंटो हॉल परिसर में प्रवेश और पार्किंग सिर्फ उन वाहनों को मिलेगी, जिन्हें संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से अधिकृत वाहन पास जारी किए गए हैं। अन्य सभी वाहनों की पार्किंग एमवीएम मैदान में कराई जाएगी।


शाम 4:30 बजे मानव संग्रहालय के लिए निकलेगा प्रतिनिधिमंडल

सम्मेलन के दूसरे सत्र के तहत प्रतिदिन शाम 4:30 बजे प्रतिनिधिमंडल मिंटो हॉल से इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के लिए रवाना होगा। इसके लिए मछली घर, पॉलिटेक्निक चौराहा, स्मार्ट रोड और स्काउट-गाइड तिराहे वाला निर्धारित मार्ग उपयोग में लिया जाएगा।


नागरिकों के लिए ट्रैफिक पुलिस की सलाह

यातायात पुलिस ने लोगों से सुबह 9 बजे से 11 बजे के बीच मिंटो हॉल, पॉलिटेक्निक चौराहा, भारत माता चौराहा, मछली घर और आसपास के मार्गों पर अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है। किसी भी सहायता या जानकारी के लिए यातायात कंट्रोल रूम के इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है—

  • 0755-2677340

  • 0755-2443850

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें