
भोपाल। भोपाल सेंट्रल जेल में बंद 21 वर्षीय बीकॉम छात्र हर्षित राजपूत की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। शनिवार को परिजनों ने होशंगाबाद रोड पर प्रदर्शन कर जेल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। परिवार का आरोप है कि गंभीर रूप से बीमार होने के बावजूद हर्षित को समय पर इलाज नहीं मिला। मामले में जेल के डॉक्टर पर पैसे मांगने और जेल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए गए हैं।
बागसेवनिया थाने के सामने सड़क पर उतरे परिजन
हर्षित की मौत से नाराज परिजनों और समाज के लोगों ने शनिवार दोपहर करीब 12 बजे होशंगाबाद रोड पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी बागसेवनिया थाने के सामने सड़क पर बैठ गए और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग जेल अधीक्षक और जेलर के खिलाफ कार्रवाई करने की थी। उनका कहना था कि छात्र की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाए।
पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाया, जिसके बाद जाम समाप्त कर दिया गया। नर्मदापुरम रोड पर यातायात फिर से सामान्य हो गया। इसके बाद परिजन हर्षित का शव लेकर होशंगाबाद रोड से सुभाष नगर विश्राम गृह के लिए रवाना हुए।
भाई का आरोप- बिना एंबुलेंस शव सौंपा, पुलिस ने फेंककर दिया
हर्षित के भाई आशीष चौहान ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पोस्टमॉर्टम के बाद शुक्रवार शाम 6 बजे पुलिस ने बिना एंबुलेंस के शव परिवार को सौंप दिया। आशीष का कहना है कि पुलिस ने शव को सम्मानजनक तरीके से सौंपने के बजाय फेंककर दिया। परिवार ने इस मामले में जेल अधीक्षक और जेलर दोनों की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। परिजनों के मुताबिक, हर्षित का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था। उनका दावा है कि उसे झूठे मामले में फंसाकर जेल भेजा गया था।
चाचा ने बताया- जेल में चलने तक की हालत नहीं थी
हर्षित के चाचा भरत सिंह राजपूत ने जेल के भीतर चिकित्सा सुविधाओं को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले जब वह हर्षित से मिलने जेल पहुंचे थे, तब उसकी शारीरिक स्थिति बेहद खराब थी। चाचा के मुताबिक, हर्षित ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। इलाज के बारे में पूछने पर उसने बताया था कि जेल का डॉक्टर उपचार के लिए पैसे मांगता है। हर्षित ने परिवार को यह भी बताया था कि अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर उसे रोज ड्रामा करने की बात कहकर वापस भेज देते थे। जेल में और परेशानी होने के डर से वह इन घटनाओं की शिकायत करने से भी बचता था।
परिवार ने कई बार आवेदन दिया, फिर भी नहीं मिला अस्पताल में भर्ती कराने का मौका
ईश्वर नगर निवासी हर्षित बीकॉम सेकंड ईयर का छात्र था। सितंबर में शाहपुरा थाना पुलिस ने उसे मारपीट और लूटपाट के मामले में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे भोपाल सेंट्रल जेल भेज दिया गया। परिवार का कहना है कि जेल पहुंचने के बाद उसकी तबीयत लगातार बिगड़ने लगी। परिजनों ने कई बार आवेदन देकर उसे अस्पताल में भर्ती कराने की मांग की, लेकिन उनकी शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हुई। परिवार के पड़ोसी सुरेंद्र सिंह चौहान ने भी जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके अनुसार, परिवार के आवेदन मिलने के बावजूद जेल प्रशासन ने कोर्ट को हर्षित की तबीयत ठीक होने की जानकारी दी थी।
निमोनिया से बिगड़ी हालत, हमीदिया अस्पताल में हुई मौत
सुरेंद्र सिंह चौहान के मुताबिक, हर्षित निमोनिया से पीड़ित था। स्वास्थ्य बिगड़ने पर बुधवार शाम उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उपचार के दौरान गुरुवार रात उसकी मौत हो गई। हर्षित करीब दो महीने से भोपाल सेंट्रल जेल में बंद था।
वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग लड़ता दिखा छात्र, पैरों में थीं बेड़ियां
हर्षित के अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें छात्र वेंटिलेटर पर दिखाई दे रहा है और उसके दोनों पैरों में बेड़ियां बंधी नजर आ रही हैं। परिजनों ने गंभीर हालत में भी उसके पैरों में बेड़ियां लगाए जाने पर सवाल उठाए हैं। परिवार इस पूरे मामले में जेल प्रशासन की भूमिका की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई चाहता है।
शुक्रवार रात भी हुआ था प्रदर्शन
हर्षित की मौत के बाद शुक्रवार रात परिजनों और समाज के लोगों ने पॉलीटेक्निक कॉलेज के पास सड़क पर जाम लगाया था। उस दौरान उन्होंने चेतावनी दी थी कि शनिवार तक जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं हुई तो दोबारा प्रदर्शन किया जाएगा।
शनिवार दोपहर परिवार ने इसी चेतावनी के तहत होशंगाबाद रोड पर चक्काजाम किया। पुलिस के समझाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ, लेकिन जेल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग परिजन ने जारी रखी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

