
भोपाल में सरकारी कामों के लिए अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर लगाने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब कलेक्ट्रेट से लेकर पुलिस, तहसील और खाद्य विभाग तक – सब कुछ एक ही परिसर में मिलने वाला है। भोपाल कलेक्ट्रेट के मौजूदा कैंपस में ही एक नई, बहुमंजिला आधुनिक बिल्डिंग बनाने की तैयारी शुरू हो गई है।
कहां बनेगा नया कलेक्ट्रेट भवन?
भोपाल के मौजूदा कलेक्ट्रेट परिसर में ही पुराने दफ्तरों को हटाकर 5 से 6 मंजिला नई इमारत बनाई जाएगी। इसमें जिला प्रशासन से जुड़े लगभग सभी प्रमुख विभागों के कार्यालय शिफ्ट होंगे।
संभागायुक्त ने ली जरूरतों की बैठक
मंगलवार को संभागायुक्त संजीव सिंह ने संभागायुक्त कार्यालय में सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में हर विभाग से उसके कर्मचारियों की संख्या और आवश्यक स्पेस की जानकारी मांगी गई, ताकि उसी हिसाब से भवन की प्लानिंग की जा सके।
नए भवन में कौन-कौन से विभाग होंगे?
नई बिल्डिंग में एक ही छत के नीचे ये सभी कार्यालय होंगे—
जिला कलेक्टर कार्यालय
संभागायुक्त कार्यालय
पुलिस विभाग
तहसील
खाद्य आपूर्ति व खाद्य सुरक्षा
आबकारी विभाग
महिला एवं बाल विकास
जिला जनसंपर्क और अन्य विभाग
इसका मकसद है कि आम लोगों को अपने काम के लिए शहर भर में भटकना न पड़े।
डिजाइन भी हो गई पेश
बैठक में नई इमारत की संभावित डिजाइन भी दिखाई गई, जिसमें यह बताया गया कि किस मंजिल पर कौन-सा विभाग रहेगा। एडीएम अंकुर मेश्राम के मुताबिक इसी डेटा के आधार पर हाउसिंग बोर्ड अंतिम नक्शा तैयार करेगा।
अधिक भीड़ वाले विभागों को ज्यादा जगह
जिन दफ्तरों में रोजाना सबसे ज्यादा लोग आते हैं, उन्हें ज्यादा स्पेस दिया जाएगा। इनमें कलेक्टर कार्यालय, तहसील, पुलिस विभाग और लोक सेवा केंद्र शामिल हैं।
जबकि महिला एवं बाल विकास, जिला शिक्षा, आबकारी और खाद्य विभाग जैसे कार्यालयों को अपेक्षाकृत कम जगह दी जाएगी।
प्रोफेसर कॉलोनी वाला प्लान क्यों रद्द हुआ?
पहले कलेक्ट्रेट की नई बिल्डिंग प्रोफेसर कॉलोनी में बनाने की योजना थी, जहां करीब 13 एकड़ जमीन तय की गई थी। लेकिन पेड़ों की कटाई और छोटे तालाब से सटे इलाके में पर्यावरण को होने वाले नुकसान के कारण जनप्रतिनिधियों और पर्यावरणविदों के विरोध के बाद यह प्रस्ताव रद्द कर दिया गया।
अब मौजूदा परिसर में ही बनेगी इमारत
इसी वजह से अब शासन-प्रशासन ने तय किया है कि पुराने भवन हटाकर उसी जगह एक आधुनिक, बहुमंजिला कलेक्ट्रेट बनाया जाएगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

