
भोपाल। तीन साल बाद भोपाल शहर कांग्रेस को नई टीम मिली, लेकिन घोषणा के साथ ही सियासी घमासान भी शुरू हो गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की मंजूरी के बाद 52 पदाधिकारियों वाली कार्यकारिणी सामने आई, जिस पर बीजेपी ने कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान और नेतृत्व को लेकर तीखी टिप्पणी की।
कांग्रेस में हर नेता अपनी अलग लाइन पर चलता है
बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता डॉ. दुर्गेश केसवानी ने कहा कि कांग्रेस आज भी गुटों और धड़ों में बंटी हुई पार्टी है, जहां हर नेता अपनी अलग लाइन पर चलता है।
'बहुत मशक्कत के बाद बनी टीम, अब विरोध भी शुरू'
डॉ. केसवानी ने दावा किया कि कांग्रेस ने काफी जद्दोजहद के बाद कार्यकारिणी घोषित की है, लेकिन सूची सामने आते ही असंतोष भी दिखने लगा है। उनके मुताबिक, जिन नेताओं और गुटों को अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिला, उन्होंने विरोध के स्वर उठाने शुरू कर दिए हैं। इससे साफ है कि पार्टी के भीतर खींचतान अब भी खत्म नहीं हुई है।
कांग्रेस नेतृत्व की क्षमता पर भी उठाए सवाल
बीजेपी प्रवक्ता ने कांग्रेस नेतृत्व पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह स्थिति बताती है कि पार्टी का नेतृत्व परिपक्व और प्रभावी नहीं है। उनका कहना था कि कांग्रेस के नेता संगठन को मजबूत करने के बजाय उसे कमजोर करने की दिशा में काम करते दिखाई दे रहे हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

